साइबर ठगों ने नोएडा के एक रिटार्यर्ड अफसर को बनाया शिकार, जानिए 2.28 करोड़ रुपये कैसे हड़प लिए
- Nownoida editor1
- 26 Sep, 2025
Noida: नोएडा में एक बार फिर एक बुजुर्ग साइबर ठगों के शिकार हो गए हैं। साइबर जालसाजों ने शेयर बाजार में निवेश पर कई गुना तक रिटर्न देने का झांसा देकर ऊर्जा मंत्रालय के सेवानिवृत डिप्टी मैनेजर से 2.28 करोड़ रुपये ठग लिए। बुजुर्ग की शिकायत पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज पुलिस की जांच कर रही है।
व्हाटएसप पर लिंक भेजकर पहले जाल में फंसाया
सेक्टर-33 में रहने वाले बुजुर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में डिप्टी मैनेजर के पद से रिटायर हैं। उनके पास 15 जुलाई को व्हाट्सएप पर एक लिंक आया था। जिसमें शेयर बाजार को लेकर जानकारी थी। जब इस पर क्लिक किया तो उसमें शेयर बाजार में निवेश करने पर 15 से 20 प्रतिशत का लाभ मिलने के बारे में बताया गया था। इसके बाद जालसाजों ने बुजुर्ग से बातचीत की और उन्हें एक व्हट्स एप ग्रुप में जोड़ दिया।
जालसाजों ने एप डाउनलोड कराकर कराया निवेश
पीड़ित ने बताया कि व्हट्सएप ग्रुप में पहले से बड़ी संख्या में लोग जुड़े थे और ग्रुप में सभी लाभ कमाने की बात कह रहे थे। निवेश पर लाभ कमाने का स्क्रीन शॉट भी डाल रहे थे। इस पर विश्वास हो गया और जालसाजों के कहने पर निवेश करना शुरू कर दिया। कुछ दिन बाद जालसाजों ने उन्हें एक एप डाउनलोड कराया। इस एप पर निवेश करने के बाद मुनाफा सहित राशि कई गुना अधिक दिखाई दे रही थी। इससे उनका विश्वास बढ़ गया और 15 जुलाई से 11 अगस्त तक के बीच 2 करोड़ 28 लाख 80 हजार रुपये का निवेश कर दिया।
पैसे मांगने पर करने टालमटोल
इसके बाद रकम निकालने का प्रयास किया तब जालसाज पहले टालमटोल करने लगे। इसके बाद जालसाजों ने कहा कि टैक्स के रूप में 10 फीसदी रकम जमा करना होगा। जब उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया तब जालसाजों ने उनसे सारे संपर्क तोड़ लिए। बुजुर्ग को साइबर ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत की। अब इस मामले में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
निवेश के नाम पर फ्रॉड से बचें
- हमेशा सेबी से अप्रूव्ड साइट के माध्यम से ही सुरक्षित निवेश करें।
- अज्ञात व्यक्ति द्वारा बताए गए ऐप को डाउनलोड न करें और न ही कोई रकम निवेश करें।
- किसी भी व्हाट्सएप ग्रुप या टेलीग्राम ग्रुप पर न जुड़े, जिसमें आप किसी को भी नहीं जानते हैं।
- ग्रुपों में किसी को जानते भी हैं तब भी उनके कहने पर किसी तरह का रकम निवेश न करें।
- स्कैम करने वाले किसी स्टॉक की कीमत फर्जी तरीके से बढ़ाकर निवेशकों की उसमें दिलचस्पी बढ़ाते हैं।
- कम रिटर्न वाले प्लान पर अधिक कमाई का झांसा देने वालों से भी सचेत रहें।
- अगर कोई भी निवेश के नाम पर रातों रात या कुछ समय में ऊंची रिटर्न देने का दावा करता है तो कतई न फंसे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







