कुत्ते को लेकर बवाल; बेल्ट बांधने की सलाह देने पर किराएदार ने रेसिडेंट से की मारपीट

top-news
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मंत्रा-2 सोसायटी में रविवार सुबह टहलने निकले एक निवासी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गंगा टावर में रहने वाले शशांक ने एक किरायेदार को अपने पालतू कुत्ते को बेल्ट बांधने की सलाह दी थी। इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि किरायेदार और उसके साथी ने शशांक से बदसलूकी करते हुए हमला कर दिया।

गाली-गलौज करते हुए मारपीट की
शशांक ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह सोसायटी के परिसर में मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। उसी दौरान गायत्री टावर की 21वीं मंजिल पर रहने वाला किरायेदार अपने पालतू कुत्ते को बिना बेल्ट के टहला रहा था। जब उन्होंने कुत्ते को बेल्ट लगाने की बात कही तो किरायेदार भड़क गया। पहले तो उसने गाली-गलौज और बदतमीजी की, लेकिन थोड़ी ही देर में मारपीट शुरू कर दी।

युवक को गंभीर चोटें आईं
शशांक के मुताबिक, हमले के दौरान उनके शरीर के कई हिस्सों पर चोट आई और खून भी बहने लगा। उन्होंने कहा कि अगर आस-पास मौजूद लोग बीच-बचाव न करते तो शायद उनकी जान पर बन आती। घायल शशांक को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया, जिसमें कई जगह गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। शशांक ने कहा कि इस तरह की घटनाएं सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की वारदातें दोबारा न हों।

आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मामले में थाना इकोटेक-3 पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *