ग्रेनो की इस सोसाइटी में दूषित पानी से बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ी, लोगों ने बिल्डर के खिलाफ किया प्रदर्शन
एसकेए दिव्या सोसाइटी में दूषित पानी से हंगामा
- Shiv Kumar
- 07 Oct, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में रहने वाले लोग फिर बीमार पड़ने लगे हैं। एसकेए दिव्या सोसाइटी में दूषित पानी की सप्लाई से लोग बीमार पड़ रहे हैं। इसको लेकर सोमवार शाम नाराज निवासियों ने मेंटेनेंस प्रबंधन कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया। लोगों का कहना है कि सोसाइटी प्रबंधन लंबे समय से टैंकों की सफाई नहीं कर रहा, जिसके कारण पानी दूषित हो गया है।
15 दिनों से लोग पड़ रहे बीमार, नहीं सुन रहा बिल्डर
सोसाइटी निवासी हेमंत ने बताया कि परिसर में हजारों परिवार रहते हैं और पिछले 15 दिनों से लगातार उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार के मामले सामने आ रहे हैं। अधिकतर बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। निवासियों का आरोप है कि बिल्डर प्रबंधन को कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गंदा पानी आने की वजह से रोजाना नए लोग बीमार हो रहे हैं। सोमवार शाम लोगों ने एकजुट होकर मेंटेनेंस ऑफिस में प्रदर्शन किया और साफ पानी उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
प्राधिकरण ने लिया संज्ञान, जांच में मिला टैंक में गंदा पानी
लोगों की शिकायत के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने सोसाइटी पहुंचकर पानी की गुणवत्ता की जांच की। टीम ने ओवरहेड टैंक और तीन अन्य स्थानों से पानी के नमूने लेकर लैब परीक्षण के लिए भेजे हैं। प्रारंभिक जांच में टैंक के अंदर गंदगी पाई गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि प्राधिकरण के जलापूर्ति नेटवर्क में कोई समस्या नहीं मिली है। सोसाइटी के अंदर के टैंकों में ही गंदगी पाई गई है। मंगलवार को जल और सीवर विभाग की संयुक्त टीम फिर से जांच करेगी। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और टैंकों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पानी मिल सके और बीमारियों का खतरा टल सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






