बागपत में जैन निर्वाण महोत्सव में बड़ा हादसा, मंच टूटने से 7 लोगों की मौत, 40 घायल
- Shiv Kumar
- 28 Jan, 2025
यूपी के बागपत में बड़ा हादसा हो गया। बड़ौत के दिगंबर जैन कॉलेज मैदान में आयोजित जैन निर्वाण महोत्सव में अचानक मंच टूट गया। जिसकी वजह से मंच पर बैठे और आसपास मौजूद लोग चपेट में आ गए। जिला प्रशासन ने अभी तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, महिला और बच्चों समेत 20-25 लोग घायल हुए हैं। जिनमें 2-3 की हालत गंभीर हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मान स्तंभ पर लड्डू चढ़ाते मंच टूटने से हादसा हुआ। पुलिस के आलाधिकारियों ने मोर्चा संभाला लिया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
सीएम योगी ने हादसे का लिया संज्ञान
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बागपत में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
40 लोग हुए घायल, 20 को अस्पताल से छुट्टी
डीएम अस्मिता लाल ने बताया कि बड़ौत में जैन समाज का कार्यक्रम था। बड़ौत में जो पिछले 30 सालों से हर साल यह कार्यक्रम होता है। कार्यक्रम में वुड स्ट्रक्चर था जो कलेप्स हो गया, जिसमें 40 लोग घायल हुए हैं। सभी को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचा दिया गया है। 20 लोगों का प्रथम उपचार करके उनको घर भेज दिया गया है। बाकी 20 लोगों का उपचार अभी चल रहा है। अभी तक 7 लोगों की मरने की सूचना है।
लकड़ी की सीढ़ियां अचानक टूटने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, श्री 1008 आदिनाथ भक्तांबर प्रचार के तत्वाधान में मोक्ष कल्याणक निर्वाण महोत्सव के तहत भगवान आदिनाथ के अभिषेक के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी हुई थी। मान स्तंभ परिसर में बनाए गए 65 फीट ऊंचे अस्थायी मंच की लकड़ी की सीढ़ियां अचानक टूट गईं। इसके चलते मंच पर मौजूद और उसके पास खड़े श्रद्धालु नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायल श्रद्धालुओं को विभिन्न अस्पतालो में भर्ती कराया गया।घटना की सूचना मिलते ही बड़ौत कोतवाली इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भगदड़ पर काबू पाते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया। मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






