ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक मेट्रो लाइन पर जल्द शुरू होगा काम, जानिए कहां-कहां बनेगा स्टेशन
- Shiv Kumar
- 12 Oct, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक चलने वाली मेट्रो लाइन के स्टेशनों का डिजाइन जल्द तैयार किया जाएगा। इसके लिए डिटेल डिजाइन सर्वे का काम अगले महीने से शुरू होने जा रहा है। इस कार्य के लिए तीन एजेंसियां सामने आई हैं। जो एजेंसी सबसे बेहतर प्रेजेंटेशन देगी और जिसका अनुभव बेहतर होगा, उसी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। एनएमआरसी (नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन) दो हफ्ते के भीतर एजेंसी चयन की प्रक्रिया पूरी कर लेगा।
जिले में प्रस्तावित तीन नई मेट्रो लाइनें
ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक, नोएडा सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5 तक और सेक्टर-38ए बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक नई मेट्रो लाइन प्रस्तावित हैं। इनमें से ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रूट को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है, जबकि अन्य दो रूटों की स्वीकृति अभी लंबित है। मंजूरी मिलने के बाद वहां भी सर्वे का काम शुरू किया जाएगा।
सबसे छोटा मेट्रो रूट बनेगा बोड़ाकी लाइन
एनएमआरसी अधिकारियों के अनुसार, यह जिले की सबसे छोटी मेट्रो लाइन होगी। 2.6 किलोमीटर लंबे इस रुट पर केवल जुनपत और बोड़ाकी स्टेशन बनाए जाएंगे। बोड़ाकी स्टेशन को बड़ा और आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। मेट्रो रूट के लिए डीएमआईसी (दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर) जमीन उपलब्ध कराएगा, जिसके लिए अधिग्रहण प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
तीन एजेंसियों में से चुनी जाएगी सलाहकार कंपनी
एनएमआरसी ने पिछले महीने मेट्रो लाइन के लिए सलाहकार एजेंसी नियुक्त करने को लेकर टेंडर जारी किया था। तीन एजेंसियों ने आवेदन किया है। इनके दस्तावेजों की जांच जारी है और जल्द ही इनसे प्रेजेंटेशन लिया जाएगा। 10-15 दिनों में एजेंसी का चयन हो जाएगा। चयनित एजेंसी हर स्टेशन और पिलर का डिजाइन तैयार करेगी, सिविल कार्य से संबंधित टेंडर दस्तावेज बनाएगी और परियोजना की लागत का आकलन करेगी। एजेंसी चयन के एक महीने के भीतर अपनी सर्वे रिपोर्ट सौंप देगी, जिसके बाद निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।
पहले ही पूरा हो चुका है टोपोग्राफी सर्वे
अधिकारियों के अनुसार, इस रूट का टोपोग्राफी सर्वे पहले ही पूरा कर लिया गया है। इसमें स्टेशन मार्ग पर आने वाली सड़क, अंडरपास, फ्लाईओवर, बिजली, सीवर लाइन जैसी सभी मौजूदा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया था। बोड़ाकी मेट्रो रूट पर निर्माण कार्य अगले साल मार्च-अप्रैल तक शुरू होने की संभावना है। परियोजना को तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस हिसाब से अप्रैल 2029 तक रूट पर मेट्रो संचालन शुरू होने की उम्मीद है। रूट पर लगभग 250 पेड़ निर्माण क्षेत्र में आ रहे हैं। इन्हें हटाने और अन्यत्र स्थानांतरित करने के लिए एनएमआरसी ने वन विभाग को पत्र भेजा है। विभाग की मंजूरी मिलते ही पेड़ों को शिफ्ट किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






