इंडिया हैंडीक्राफ्ट्स एंड गिफ्ट्स फेयर आज से शुरू, 3000 से अधिक उत्पादों की स्टाल

top-news
हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद

Greater Noida:  ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आज से पांच दिवसीय इंडिया हैंडीक्राफ्ट्स एंड गिफ्ट्स फेयर (IHGF) का शुभारंभ होगा। मेले के 60वें संस्करण ‘ऑटम 2025’ का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ करेंगे। कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कानून एवं न्याय मंत्री कपिल मिश्रा और फिल्म डेवलपमेंट काउंसिल के उपाध्यक्ष तरुण राठी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

110 से अधिक देशों के खरीदार शामिल होंगे 
यह मेला हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (EPCH) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इसमें 110 से अधिक देशों के खरीदार शामिल होंगे और 16 हालों व 900 स्थायी शोरूमों में करीब 3000 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे। मेले में होम, फैशन, लाइफस्टाइल, फर्निशिंग, फर्नीचर और इंटीरियर से जुड़े उत्पादों को 16 अलग-अलग कैटेगरी में प्रस्तुत किया जाएगा।

व्यापार के लिए एक बेहतरीन अवसर 
ईपीसीएच के अध्यक्ष डॉ. नीरज खन्ना ने बताया कि पिछले तीन दशकों में IHGF एक विश्वसनीय वैश्विक सोर्सिंग प्लेटफॉर्म के रूप में उभरा है। इस वर्ष मेले की थीम ‘वेव ऑफ प्रोग्रेस’ (प्रगति की लहर) रखी गई है, जो भारतीय हस्तशिल्प की विविधता, जीवंतता और रचनात्मकता को दर्शाती है।
आईईएमएल के अध्यक्ष एवं ईपीसीएच के मुख्य संरक्षक डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि यह मेला भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है और अब यह वैश्विक खरीदारों का पसंदीदा गंतव्य बन चुका है। उपाध्यक्ष सागर मेहता ने कहा कि मेला एक ऐसा मंच उपलब्ध कराता है, जहां प्रदर्शकों और विदेशी खरीदारों के बीच सीधी बातचीत संभव होती है, जिससे निर्यात को प्रोत्साहन मिलता है।

निर्यातकों को प्रेरित करता है ये फेयर
मुख्य संयोजक अवधेश अग्रवाल के अनुसार, यह आयोजन नए उद्यमों की शुरुआत और नवाचार को बढ़ावा देता है। यह कारीगरों और निर्यातकों को नई डिजाइन और उत्पाद लाने के लिए प्रेरित करता है। मेला अध्यक्ष रजत अस्थाना ने कहा कि यह फेयर भारत की युवा शक्ति और उद्यमिता भावना का प्रतीक है, जो चुनौतियों को अवसरों में बदलने की क्षमता रखती है। कार्यकारी निदेशक आर.के. वर्मा ने बताया कि मेले में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, ब्राजील, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, कोरिया, अमेरिका सहित 110 देशों के खरीदार भाग ले रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में हस्तशिल्प निर्यात 33,123 करोड़ रुपये का रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *