नोएडा में खूनी संघर्ष; प्लॉट कब्जाने को लेकर दबंगों ने की मारपीट, कई लोग घायल

top-news
सेक्टर-126 थाना क्षेत्र के असगरपुर गांव का मामला

Noida: सेक्टर-126 थाना क्षेत्र के असगरपुर गांव में सोमवार देर रात जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे चलने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।


असगरपुर गांव में हुई मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 11 बजे कुछ दबंग लोग असगरपुर गांव में स्थित एक प्लॉट पर कब्जा करने पहुंचे। प्लॉट मालिक पक्ष ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। जिसमें महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।


एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया

सूचना पाकर सेक्टर-126 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने घायल लोगों को अस्पताल भेजा और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। सेक्टर-126 थाना प्रभारी ने बताया कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार रात एक पक्ष द्वारा कब्जे की कोशिश की गई, जिससे विवाद बढ़ गया। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।


कई महीनों से चल रहा विवाद

स्थानीय निवासियों के अनुसार, गांव में इस जमीन को लेकर पिछले कई महीनों से तनाव चल रहा था। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है और आरोप लगाया कि दबंग लगातार उन्हें धमकी दे रहे थे। फिलहाल पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और कहा है कि कानून व्यवस्था से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *