लिफ्ट देना पड़ा भारी: कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बाइक, मोबाइल और नकदी लूटी
- Shiv Kumar
- 15 Oct, 2025
Noida: नोएडा में रात के समय राहगीर को लिफ्ट देना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। अज्ञात युवक ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और उसकी बाइक, मोबाइल फोन, नकदी व जरूरी दस्तावेज लूट लिए। पीड़ित की शिकायत पर थाना बिसरख पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राहगीर ने मांगी लिफ्ट, रास्ते में पिलाई कोल्ड ड्रिंक
ग्राम रोजा जलालपुर निवासी प्रवीण कुमार पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 6 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे वह अपने काम से लौटकर घर जा रहे थे। चेरी काउंटी सोसाइटी के पास एक व्यक्ति मिला जिसने लिफ्ट मांगी। मानवीय संवेदना के चलते प्रवीण ने उसे बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में उस व्यक्ति ने कोल्ड ड्रिंक पीने का प्रस्ताव रखा। पहले तो प्रवीण ने इंकार किया, लेकिन उसके कहने पर थोड़ी मात्रा में पी ली। इसके बाद उन्हें कुछ होश नहीं रहा।
होश आने पर खुद को पाया हल्द्वानी मोड़ के पास
प्रवीण ने बताया कि जब अगले दिन सुबह उनकी आंख खुली तो वे हल्द्वानी मोड़ के पास पड़े थे। उनका मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज गायब थे। पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद वह आसपास की पुलिस चौकियों पर भी गया, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने थाना बिसरख में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
वाहन चोर गिरफ्तार, फर्जी प्लेट लगाकर चला रहा था कार
वहीं, नोएडा थाना सेक्टर 58 पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुछ कारों के नंबर प्लेट आदि बरामद किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने मंगलवार को बताया कि उप निरीक्षक गौरव पंवार गश्त पर थे। सेक्टर 62 के डी- पार्क के पास एक कार को चेकिंग के लिए रोका। सीट पर बैठे व्यक्ति से जब पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम हिमांशु पुत्र सर्वेंद्र बताया। जब कार के पेपर चेक किए गए तो वह देने में असफल रहा। जब कार के नंबर को ई- चालान एप पर डालकर चेक किया गया तो कार का नंबर कुछ और निकला। जबकि कार पर कोई और नंबर प्लेट लगी थी। सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि कार को उसने 2 वर्ष पूर्व सेक्टर 63 से चोरी की थी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






