नोएडा NCR में बढ़ते प्रदूषण पर सख्ती, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने लागू किया GRAP-1

top-news
कोयला और लकड़ी पर रोक, खुले में कचरा जलाना वर्जित

Noida: नोएडा एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने तत्काल प्रभाव से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण (GRAP-I) लागू कर दिया है। आयोग ने इस बार कुछ नियमों में ढील रखते हुए केवल सलाह के तौर पर 10 से 15 साल पुरानी डीजल और पेट्रोल गाड़ियों के उपयोग से बचने को कहा है, हालांकि उन पर पूरी तरह प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।


PUC अनिवार्य, धूल नियंत्रण पर जोर

सड़कों पर चलने वाले सभी वाहनों के लिए वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) अब अनिवार्य होगा। साथ ही, धूल नियंत्रण के उपायों को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया है। निर्माण और ध्वस्तीकरण स्थलों पर एंटी-स्मॉग गन का प्रयोग जरूरी होगा और 500 वर्ग मीटर से बड़े प्रोजेक्ट्स में स्वीकृत डस्ट मैनेजमेंट प्लान का पालन करना अनिवार्य रहेगा।


कोयला और लकड़ी पर रोक, खुले में कचरा जलाना वर्जित

GRAP-I के तहत सड़क किनारे फूड स्टॉल, होटल और रेस्टोरेंट में कोयला या लकड़ी जैसे प्रदूषित ईंधनों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। केवल बिजली, एलपीजी या स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल की अनुमति होगी। वहीं, खुले में कचरा, पत्ते या अपशिष्ट सामग्री जलाना पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। डीजल जनरेटर अब केवल आपातकालीन या आवश्यक सेवाओं में ही चलाए जा सकेंगे। प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर जुर्माना या जब्ती की कार्रवाई की जा सकती है। ट्रैफिक पुलिस को प्रमुख चौराहों पर तैनात किया गया है, और चालकों को लाल बत्ती पर इंजन बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।


दिल्ली में बढ़ रहा प्रदूषण स्तर

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 200 से 300 के बीच दर्ज किया गया है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। धुंध के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) कम हो गई है, और इंडिया गेट जैसे प्रमुख स्थल भी प्रदूषण की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 16 अक्टूबर तक वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी रहेगी और तापमान गिरने के साथ इसके ‘बहुत खराब’ स्तर तक पहुंचने की आशंका है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और मास्क का उपयोग करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *