https://nownoida.com/uploads/images/ads/head2.jpg

नोएडा में मिलावटखोरों पर एक्शन जारी, खाद्य विभाग ने दूषित 100 किग्रा पनीर व 450 किग्रा खोया किया नष्ट

top-news
https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

Noida:दीपावली से पहले मिलावटखोर एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। खाद्य विभाग की सख्ती के बावजूद लगातार मिलावटी व दूषित खाद्य पदार्थों को बाजार में उतारने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को खाद्य विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर और खोया बरामद किया। टीम ने मौके पर ही करीब 100 किलो दूषित पनीर और 450 किलो खराब खोया नष्ट कराया।

अलीगढ़ से दिल्ली सप्लाई होने जा रहा था
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह खोया अलीगढ़ से दिल्ली-एनसीआर की मंडियों में सप्लाई करने के लिए लाया जा रहा था। मौके से लिए गए पनीर और खोया के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह, विशाल गुप्ता और अमर बहादुर सरोज की टीम ने सूरजपुर स्थित सोनू पनीर भंडार में जांच की। निरीक्षण के दौरान वहां रखा 100 किलोग्राम पनीर दूषित पाया गया, जिसे तुरंत मौके पर नष्ट कर दिया गया। टीम ने पनीर और खोया दोनों के नमूने जांच के लिए सील कर प्रयोगशाला भेज दिए।

जेवर टोल प्लाजा पर 450 किलोग्राम खोया जब्त
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय बहादुर पटेल और रविंद्र वर्मा की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर अलीगढ़ से आ रहे एक वाहन को रोका। कौशल कुमार शर्मा की गाड़ी में बड़ी मात्रा में खोया भरा था। मौके पर की गई प्राथमिक जांच में खोया मानकों पर खरा नहीं पाया गया। गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर 450 किलोग्राम खोया नष्ट करा दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद संबंधितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

दनकौर में नमकीन का नमूना लिया गया
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मालती ने दनकौर स्थित शिव नमकीन भंडार से नमकीन का नमूना लिया है। उन्होंने बताया कि दीपावली के मद्देनज़र खाद्य विभाग का मिलावट विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने कहा कि दिवाली तक यह अभियान जारी रहेगा। किसी भी स्तर पर मिलावटखोरों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और गुणवत्ता के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *