नोएडा जमीन की खरीद-फरोख्त में फर्जीवाड़ा; भाजपा नेताओं समेत सात के खिलाफ केस दर्ज

top-news
जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़ा विवाद, न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई

Greater Noida;  जिला न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े एक विवादित मामले में दो भाजपा नेताओं और एक महिला समेत सात लोगों के खिलाफ अपराधिक षड्यंत्र और धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेवर निवासी वीरपाल सैनी ने शिकायत में बताया कि वह जेवर बांगर स्थित भूमि गाटा संख्या 1506 (रकबा 1.7860 हे.) और गाटा संख्या 1507 (रकबा 0.0510 हे.) का हिस्सेदार व स्वामी है। उनके अनुसार, दिल्ली के नागलोई निवासी केला देवी पत्नी रतनलाल और उसका पुत्र बाबूलाल इन गाटों से किसी भी तरह से जुड़े नहीं हैं।

स्वामित्व न होते हुए भी किया गया बैनामा
आरोप है कि इसके बावजूद केला देवी ने 5 जुलाई को उक्त भूमि में से लगभग 499.49 वर्गगज जमीन का बैनामा अवैध रूप से जेवर के प्रदीप कुमार जैन, लवकेश शर्मा, रविंद्र शर्मा (जिला संयोजक, भाजपा) और प्रदीप सिंह (मंडल अध्यक्ष, जेवर) के नाम कर दिया। इस सौदे में केला देवी के पुत्र बाबूलाल और जेवर निवासी टिंकू को गवाह बनाया गया।

पीड़ित को एक सितंबर को हुई जानकारी
शिकायतकर्ता को इस बैनामे की जानकारी 1 सितंबर को अन्य पक्षों से हुई। आरोप है कि सभी आरोपितों ने भूमि का अवैध सौदा कर अनुचित लाभ प्राप्त किया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर केला देवी, प्रदीप कुमार जैन, लवकेश शर्मा, रविंद्र शर्मा, प्रदीप सिंह, बाबूलाल और टिंकू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी दूसरे पक्ष की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने 20 नामजद समेत 30 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *