नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख आज तय हो सकती है, सीएम योगी करेंगे निरीक्षण

top-news
वंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में एयरपोर्ट का उद्घाटन संभव

Greater Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के शुभारंभ की तारीख शनिवार को तय हो सकती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्वान्ह 11:40 बजे एयरपोर्ट के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचेंगे। करीब एक घंटे तक एयरपोर्ट परिसर में रहेंगे और दोपहर 12:40 बजे हिंडन एयरपोर्ट, गाजियाबाद के लिए रवाना होंगे। इसके बाद वह दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री से एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए समय मांगेंगे। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय होते ही उद्घाटन की तिथि आधिकारिक रूप से घोषित कर दी जाएगी। बताया जा रहा है कि नवंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में एयरपोर्ट का उद्घाटन संभव है।

कई बार बढ़ाई गई निर्माण अवधि
जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का निर्माण कार्य 29 सितंबर 2024 तक पूरा होना था। समय पर काम पूरा न होने के कारण इसे दिसंबर 2024 तक बढ़ाया गया, लेकिन तब भी निर्माण पूरा नहीं हो सका। इसके बाद अप्रैल 2025 तक की नई समय सीमा तय की गई। मार्च 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लखनऊ में हुई बैठक में अवधि को एक बार फिर बढ़ाकर जून 2025 के अंत तक कर दिया गया। हालांकि मानसून के दौरान बारिश और छुट्टियों की वजह से काम में देरी हुई। इस बीच नागर विमानन मंत्री किंजारापू राममोहन नायडू ने एक कार्यक्रम में एयरपोर्ट का उद्घाटन 30 अक्टूबर को करने की घोषणा की थी, लेकिन अब उस तारीख पर उद्घाटन की संभावना समाप्त हो चुकी है। अब उम्मीद है कि शनिवार को मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद नई तारीख तय हो जाएगी।

तैयार है पहला रनवे
स्विस कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की भारतीय एसपीवी कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. द्वारा 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। पहले चरण में 3900 मीटर लंबा और 60 मीटर चौड़ा एक रनवे तैयार किया गया है। प्राधिकरण और निर्माण एजेंसी के अनुसार, सभी प्रमुख निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जब तक सौ फीसदी कार्य पूरा नहीं होगा, तब तक उद्घाटन नहीं किया जाएगा> शुरुआत में यहां से घरेलू और कार्गो उड़ानें शुरू होने की संभावना है। महानिदेशालय नागर विमानन (DGCA) जल्द ही एयरपोर्ट को एयरोड्रोम लाइसेंस जारी कर सकता है। प्रारंभिक चरण में सालाना लगभग 50 लाख यात्रियों के संचालन का अनुमान है, जबकि यात्री संख्या एक करोड़ बीस लाख तक पहुंचने पर दूसरा रनवे बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *