नोएडा एयरपोर्ट के कर्मचारी बने यात्री, उद्घाटन से पहले किया गया सफल ट्रायल ऑपरेशन
- Shiv Kumar
- 25 Oct, 2025
Greater Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार का दिन उन कर्मचारियों के लिए यादगार रहा, जिन्होंने पिछले चार वर्षों से इस भव्य परियोजना के निर्माण में दिन-रात मेहनत की है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) ने एयरपोर्ट संचालन से पहले टर्मिनल की तैयारियों को परखने के लिए विशेष ट्रायल आयोजित किया, जिसमें कर्मचारियों को यात्रियों की भूमिका निभाई। कर्मचारियों ने यात्री बनकर एयरपोर्ट की सभी तैयारियों को परखा। एयरोब्रिज के जरिए विमान तक पहुंचने का भी अभ्यास किया गया।
आपातकालीन सेवाओं की जांच
एयरपोर्ट के संचालन से पहले ऑपरेशनल रेडीनेस एंड एयरपोर्ट ट्रांसफर (ORAT) प्रक्रिया के तहत सभी सिस्टम, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की जांच की गई। ट्रायल के दौरान यात्रियों की एंट्री, चेक-इन, सुरक्षा जांच, बोर्डिंग गेट और बैगेज हैंडलिंग तक की पूरी प्रक्रिया का सफल परीक्षण हुआ। यह अभ्यास न केवल हवाईअड्डे की तैयारियों को परखने के लिए था, बल्कि यात्रियों को मिलने वाले विश्वस्तरीय अनुभव की झलक भी दिखा रहा था।
कर्मचारी वास्तविक यात्री की तरह अंदर पहुंचे
सुबह कर्मचारियों को टिकट और पहचान पत्र देकर दो बसों के जरिए एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग तक लाया गया। वास्तविक यात्रियों की तरह सुरक्षा जांच से गुजरते हुए अंदर पहुंचे। उनके हाथों में यात्रा बैग थे और हर प्रक्रिया एंट्री, रजिस्ट्रेशन, बैगेज हैंडलिंग और सुरक्षा जांच को चरणबद्ध तरीके से परखा गया। स्वचालित सीढ़ियों से होकर जब कर्मचारी ‘कोर्ट यार्ड’ पहुंचे, तो वहां विमान आगमन की घोषणा की गई। इसके बाद सभी उत्साह से एयरोब्रिज के रास्ते ‘बोर्डिंग’ की प्रक्रिया से गुजरे। यह पूरा अभ्यास एयरपोर्ट पर लगे उपकरणों, तकनीकी प्रणालियों और यात्री सुविधाओं की जांच के लिए किया गया था।
YIAPL ने ट्रायल की सफलता की जानकारी एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा करते हुए इसका वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में कर्मचारियों को एयरलाइन काउंटर पर टिकट और आईडी दिखाकर चेक-इन करते, बोर्डिंग पास लेते और बैगेज जमा कराते देखा जा सकता है। प्रत्येक बैग का वजन करने के बाद उस पर बारकोड टैग लगाया गया और कन्वेयर बेल्ट से स्कैनिंग कर गंतव्य स्थान पर भेजा गया। हैंड बैगेज और व्यक्तिगत वस्तुओं की जांच भी मेटल डिटेक्टर और बॉडी स्कैनर से पूरी की गई।
नवंबर में एयरपोर्ट के उद्घाटन की संभावना
पूरा ट्रायल एयरपोर्ट के “ऑपरेशनल रेडीनेस एंड एयरपोर्ट ट्रांजिशन (ORAT)” कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया, ताकि एयरपोर्ट पूरी तरह से संचालन के लिए तैयार हो सके। टर्मिनल परीक्षण का मुख्य उद्देश्य एयरपोर्ट के संचालन के वक्त यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए गहनता से सभी जांचें पूरी करना था। पहले से 30 अक्टूबर को एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारी थी लेकिन फिलहाल यह टल गया है। नवंबर में ही इसे एयरो ड्रोम लाइसेंस मिलने के बाद लोकार्पण की तैयारी की जा रही हैं। शुरूआत में एयरपोर्ट से घरेलू और कार्गो उड़़ान शुरू की जाएंगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






