एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं को CM योगी से नहीं मिलने दिया, नोएडा के इस अधिकारी पर गिरी गाज

top-news
, नोएडा एयरपोर्ट पर बदल दी थी स्वागत में लिस्ट

Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं के बीच गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा तैयार की गई 40 नेताओं की सूची में शामिल कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री से मिलने का मौका नहीं मिला। उनके स्थान पर अन्य लोगों को भेजे जाने से नाराज जिलाध्यक्ष ने जिला प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया और सिटी मजिस्ट्रेट विवेक भदौरिया को उनके पद से हटा दिया गया।

40 नेताओं की सूची बदली, कार्यकर्ताओं में नाराजगी

सूत्रों के अनुसार, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए 40 नेताओं की सूची जिला प्रशासन को सौंपी थी। जिसमें 20 कार्यकर्ता आगमन पर और 20 प्रस्थान के समय स्वागत करने वाले थे। लेकिन कार्यक्रम के दौरान अचानक सूची में बदलाव कर दिया गया। जिन नेताओं के नाम तय थे, उनकी जगह जेवर क्षेत्र की कुछ महिलाओं को भेजा गया। इस बदलाव की जानकारी जिलाध्यक्ष और अन्य नेताओं को नहीं दी गई। जब मुख्यमंत्री पहुंचे तो निर्धारित कार्यकर्ता हेलीपैड तक नहीं जा पाए। इससे कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया और कई वरिष्ठ नेता, जो सूची में शामिल थे, कार्यक्रम स्थल से लौट गए।

नेताओं की शिकायत के बाद कार्रवाई

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन पर नाराजगी जताई। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट विवेक भदौरिया पर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाया। आरोप है कि उन्होंने सूची में मनमाने बदलाव किए और पार्टी नेताओं को अपमानित किया। मामला बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने विवेक भदौरिया को हटा दिया और उनकी जगह दुर्गेश सिंह को नया सिटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। हालांकि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि यह बदलाव सामान्य प्रक्रिया के तहत किया गया है और इसे किसी विवाद से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री और संगठन को रिपोर्ट जाएगी

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा, “हमने मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए वरिष्ठ नेताओं के साथ 40 कार्यकर्ताओं की सूची तय की थी। लेकिन मौके पर पता चला कि सूची बदल दी गई है और पार्टी कार्यकर्ताओं की जगह अन्य लोगों को शामिल कर लिया गया। इस बदलाव की कोई जानकारी हमें नहीं दी गई।” उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान, दोनों अवसरों पर पार्टी कार्यकर्ता उनसे नहीं मिल सके। उन्होंने इस घटना की शिकायत जिलाधिकारी से की थी, जिसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट को हटाया गया। शर्मा ने कहा कि वह इस पूरे मामले की रिपोर्ट मुख्यमंत्री और भाजपा संगठन को भेज रहे हैं।

लिस्ट से हटाए गए नेताओं में असंतोष

जानकारी के मुताबिक, स्वागत सूची में शामिल रहे सतपाल तालान, मंडल अध्यक्ष संजय रावत, जिला मंत्री विकास चौधरी, जिला संयोजक रविंद्र शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा, अशोक शर्मा, त्रिलोकचंद शर्मा, देवेंद्र भारद्वाज समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके।

इन नेताओं का कहना है कि उनके नाम अंतिम समय में हटा दिए गए, जबकि जिला प्रशासन को पहले से सूची भेजी गई थी।

गौतमबुद्ध नगर भाजपा में पिछले लंबे समय से गुटबाजी की चर्चाएं चल रही हैं। शनिवार को हुए मुख्यमंत्री के एयरपोर्ट दौरे में यह विवाद खुलकर सामने आ गया। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि ऐसा ही होता रहा तो स्थानीय संगठन में असंतोष और बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *