बड़ी राहत! नोएडा में खत्म होगा जल का संकट, गंगाजल की सप्लाई शुरू
- Shiv Kumar
- 28 Oct, 2025
Noida: करीब 25 दिनों से चल रहा नोएडा का पेयजल संकट अब समाप्त होने की कगार पर है। मंगलवार सुबह से शहर में गंगाजल की आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, सुबह से गंगाजल पहुंचना शुरू हो जाएगा और शाम तक सीमित मात्रा में जल आपूर्ति की जाएगी। बुधवार से शहरवासियों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल मिलने लगेगा।
2 अक्तूबर से बंद थी आपूर्ति
इस महीने 2 अक्तूबर को गंगनहर की सफाई शुरू की गई थी, जिसके चलते नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई थी। सामान्यतः हरिद्वार से गंगाजल गंगनहर के रास्ते गाजियाबाद के प्रताप विहार और सिद्धार्थ विहार ट्रीटमेंट प्लांट्स तक पहुंचता है, जहां से उसे नोएडा को भेजा जाता है। गंगनहर की सफाई का कार्य चार दिन पहले पूरा कर लिया गया था। इसके बाद हरिद्वार से गंगाजल की आपूर्ति फिर से शुरू हुई और शनिवार को गंगाजल गाजियाबाद पहुंच गया। हालांकि, छठ महापर्व के कारण गाजियाबाद से फिलहाल हिंडन और अन्य इलाकों में गंगाजल की प्राथमिक आपूर्ति की जा रही थी, जिसके चलते नोएडा को पानी नहीं मिल पा रहा था।
नोएडा में पहुंचेगा गंगाजल
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह से गाजियाबाद से नोएडा की ओर गंगाजल की आपूर्ति शुरू होगी। पाइपलाइन के जरिए पानी आने के बाद इसे 8 से 10 घंटे तक मास्टर यूजीआर (भूमिगत जलाशय) में स्टोर किया जाएगा। इसके बाद मंगलवार शाम से ही सीमित मात्रा में आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
कल से सामान्य जलापूर्ति
नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक आर.पी. सिंह ने बताया कि गाजियाबाद से गंगाजल पहुंचने के बाद सबसे पहले इसे सेक्टर-65, 69, 72 और 118 स्थित मास्टर यूजीआर में संग्रहित किया जाएगा। सेक्टर-69 में दो यूजीआर हैं, जहां से गंगाजल को आगे विभिन्न सेक्टरों में भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि, “मंगलवार शाम से नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी और बुधवार से शहर में पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध होगा।”
240 एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति
गाजियाबाद से नोएडा तक दो लाइनों के जरिए प्रतिदिन 240 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रति दिन) गंगाजल की आपूर्ति की जाती है। जलापूर्ति शुरू होने के साथ ही सेक्टर-62, 71, 75, 120, 122 और आसपास के इलाकों में पानी की समस्या खत्म हो जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






