गाजियाबाद के इस इलाके में गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई, बीमार पड़ रहे लोग

top-news
जिम्मेदार कर्मचारी मौके पर आने से भी कतराते रहे।

Ghaziabad: गाजियाबाद के अशोक नगर क्षेत्र में इन दिनों गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई से स्थानीय निवासियों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। नगर निगम की लापरवाही के चलते पिछले कई दिनों से लोगों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए दूषित पानी मिल रहा है।

गंदे पानी से लोगों का जीना दूभर
अशोक नगर के लोगों का कहना है कि पाइपलाइन से आने वाला पानी इतना गंदा है कि उसे छूने से भी बदबू आती है। कई घरों में जब लोगों ने इस पानी को उबालकर देखा तो बर्तनों में काले रंग की परत जम गई। महिलाओं का कहना है कि सप्लाई वाले पानी से बर्तन धोने या कपड़े साफ करने पर भी दाग नहीं निकलते। दूषित पानी के कारण उनके चांदी के जेवर तक काले पड़ गए हैं।

निगम पर लापरवाही का आरोप
निवासियों ने कहा कि शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। निगम के अधिकारी केवल पानी के बिल और टैक्स वसूली पर ध्यान दे रहे हैं, लेकिन साफ और सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था करने में कोई रुचि नहीं ले रहे। लोगों ने बताया कि जब पानी की जांच के लिए टीम बुलाने की मांग की गई तो जिम्मेदार कर्मचारी मौके पर आने से भी कतराते रहे।

स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर
गंदे पानी की वजह से क्षेत्र में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बच्चों और बुज़ुर्गों को पेट दर्द, उल्टी, दस्त और त्वचा संबंधी समस्याएं हो रही हैं। कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर नल के पानी का इस्तेमाल बंद कर दिया है और अब वे बोतलबंद पानी या हैंडपंपों का सहारा ले रहे हैं। शारदा देवी ने बताया कि पिछले हफ्ते से गंदा, बदबूदार और काला पानी झेल रहे हैं। बच्चे बीमार हो रहे हैं, लेकिन निगम के अधिकारी बस आश्वासन दे रहे हैं। अब सब्र टूट चुका है।

स्थानीय प्रतिनिधियों पर भी उठे सवाल
स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी और नगर निगम प्रशासन से तुरंत इस समस्या का समाधान कराने की मांग की है। लोगों ने कहा कि क्षेत्र में पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही पुरानी पाइपलाइन बदलकर जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय नेता समस्याओं के समाधान का वादा करते हैं, लेकिन अब किसी को जनता की परेशानी से मतलब नहीं है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थिति नहीं सुधरी तो वे सामूहिक रूप से नगर निगम दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *