‘रन फॉर यूनिटी’ को लेकर नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान
- Shiv Kumar
- 31 Oct, 2025
Noida: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को देशभर में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट क्षेत्र में यह आयोजन नोएडा सेक्टर-21ए स्थित स्टेडियम से शुरू होगा। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों और आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है।
स्टेडियम गेट नंबर 4 से शुरू होगी दौड़
‘रन फॉर यूनिटी’ की शुरुआत स्टेडियम गेट नंबर-4 से होगी। प्रतिभागी दौड़ते हुए एडोब चौक से बाएं मुड़ेंगे, फिर सेक्टर-12/22 चौक से होकर स्टेडियम चौक पहुंचेंगे। इसके बाद मोदी मॉल चौक से बाएं मुड़ते हुए दौड़ का समापन पुनः स्टेडियम गेट नंबर-4 पर किया जाएगा। इस दौरान पूरे मार्ग पर आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यातायात पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की सुबह 7 बजे से लेकर कार्यक्रम समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात रोका जाएगा।
इन मार्गों पर रहेगा आवागमन बंद
सेक्टर-12, 22, 56 से स्टेडियम चौक तक का मार्ग
सेक्टर-10, 21 यू-टर्न से स्टेडियम की ओर जाने वाले वाहन
सेक्टर-8, 10, 11, 12 चौक से मोदी मॉल चौक तक का रास्ता
सेक्टर-31, 25 चौक से लेकर सेक्टर-21, 25 मोदी मॉल चौक और स्टेडियम चौक तक
मेट्रो अस्पताल चौक से एडोब/रिलायंस चौक तक
कोस्ट गार्ड तिराहा (सेक्टर-24) से एनटीपीसी अंडरपास और सेक्टर-32 की ओर से एनटीपीसी अंडरपास तक
सेक्टर-20, 21, 25, 26 जलवायु विहार चौक से एडोब चौक तक
सेक्टर-22, 23, 24 थाना सेक्टर-24 तिराहा से मोदी मॉल चौक तक
पार्किंग व्यवस्था कहां ?
विशिष्ट और अतिविशिष्ट अतिथियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था स्टेडियम गेट नंबर-4 के अंदर की गई है। बसों की पार्किंग एडोब कंपनी के पास खाली मैदान में होगी, जबकि आम नागरिकों के वाहनों के लिए पार्किंग गेट नंबर-6 के अंदर रहेगी। वहीं, यातायात पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। एंबुलेंस और फायर सर्विस के वाहनों को इन मार्गों से निर्बाध आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







