जेवर टोल पर किसान से बदसलूकी, भड़के भाकियू कार्यकर्ताओं ने दिया धरना, टोल फ्री करने की मांग पर अड़े
टोल प्लाजा पर दिया धरना — प्रशासन ने लिया संज्ञान, दोषी कर्मी हिरासत में
- Shiv Kumar
- 31 Oct, 2025
Greater Noida: यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर गुरुवार शाम एक किसान के साथ टोलकर्मियों द्वारा की गई बदसलूकी को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में किसान टोल प्लाजा पर जुटे और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
हिरासत में टोलकर्मी और सुरक्षा गार्ड
दरअसल, चुहड़पुर गांव का एक किसान अपनी कार से नौझील, मथुरा की ओर जा रहा था। जेवर टोल प्लाजा पर पहुंचने पर किसान ने बताया कि उसने टोल फ्री का मैसेज पहले से भिजवाया है, लेकिन टोलकर्मी ने पैसा मांगा और कहा कि उसके पास ऐसा कोई संदेश नहीं है। इसी बात पर विवाद हो गया। किसान का आरोप है कि टोल पर मौजूद बाउंसरों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। सूचना मिलने पर भाकियू के मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में सैकड़ों किसान मौके पर पहुंच गए और टोल पर धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंची जेवर कोतवाली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और एक टोलकर्मी और एक सुरक्षा गार्ड को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
किसानों के लिए आधार कार्ड से फ्री हो टोल
इस मौके प भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना ने कहा कि “गौतमबुद्ध नगर के किसानों की सबसे बड़ी समस्या जेवर टोल पर है। जिनकी जमीन पर यमुना एक्सप्रेसवे बना है, उन्हें ही बार-बार टोल देना पड़ता है। यह अन्याय है। गौतमबुद्ध नगर जिले के किसानों को आधार कार्ड दिखाने पर सभी टोल प्लाजाओं से निशुल्क निकासी दी जाए। खटाना ने बताया कि जेवर, दनकौर, रबूपुरा, और आसपास के गांवों के किसानों को 10–15 किलोमीटर के दायरे में रोजाना कई बार टोल पार करना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती है।
एसडीएम ने टोल फ्री कराने का दिया आश्वासन
एसडीएम जेवर ने बताया कि जिन टोलकर्मियों ने बदतमीजी की, उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। 10 नवंबर को उच्च अधिकारियों और किसान प्रतिनिधियों की बैठक कर इस मुद्दे पर स्थायी समाधान निकाला जाएगा। आश्वासन दिया कि किसानों की सुविधा के लिए आधार कार्ड दिखाकर फ्री निकासी की व्यवस्था की जाएगी।
कई किसान नेता रहे मौजूद
धरना स्थल पर भाकियू के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। इनमें रॉबिन नागर, अनित कसाना, सुरेंद्र नागर, राजीव मलिक, सुनील प्रधान, योगेश भाटी, महेश खटाना, जीते गुर्जर, धर्मपाल स्वामी, सुभाष सिलारपुर, अनिल खटाना, सुंदर खटाना, ललित चौहान, संदीप खटाना, सुशील खटाना, शाकीर, सुधीर भाटी, संजीव मोरना और गुल हसन सहित सैकड़ों किसान शामिल थे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






