नोएडा में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

top-news
नोएडा के बादलपुर क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम

Noida:नोएडा के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात बंबावड़ गांव के पास पेरीफेरल पुल के समीप हुई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


दोपहर करीब 3 बजे मारी गोली

मृतक की पहचान महिपाल (45 वर्ष) निवासी बंबावड़ गांव के रूप में हुई है। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे और गांव में उनकी खुद की दुकान थी। पुलिस के मुताबिक, वारदात दोपहर करीब तीन बजे की है। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांचकर्ताओं ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।


परिवार ने रंजिश से किया इंकार

ग्रामीणों के अनुसार, गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग मौके की ओर दौड़े। सड़क किनारे खून से लथपथ व्यक्ति को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि महिपाल की शादी हो चुकी थी और उनके परिवार में पत्नी और बच्चे हैं। उन्होंने किसी प्रकार की रंजिश या विवाद से इनकार किया है। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है, लेकिन अभी तक किसी को नामजद नहीं किया गया है। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। पुलिस ने हत्यारों की तलाश में कई टीमें गठित कर दी हैं और आसपास के इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।


जल्द ही हत्यारों को पकड़ने का दावा

एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने बताया कि थाना बादलपुर पर डायल-112 के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति के घायल अवस्था में मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर द्वारा उसको मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान महिपाल पुत्र बुद्धा (45) निवासी बम्बावड़, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई, जो प्रोपर्टी डीलिंग का काम करता था। थाना बादलपुर पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। फारेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराते हुए साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। शीघ्र ही घटना का सफल अनावरण किया जायेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *