टिंडर पर हुए प्यार में लुटा इंजीनियर, 588 दिनों तक चैटिंग कर महिला ने 66 लाख का लगाया चूना, जानिए कैसे की ठगी?

top-news
साइबर ठग महिला और उसके गिरोह ने 588 दिनों में 294 बार ट्रांसफर कराए रुपये

Noida: ऑनलाइन डेटिंग एप टिंडर पर दोस्ती करना एक इंजीनियर को भारी पड़ गया। सेक्टर-62 निवासी कपिल को एक महिला ने मेडिकल इमरजेंसी का बहाना बनाकर 66.42 लाख रुपये ठग लिए। महिला और उसके साथियों ने पीड़ित को धमकाकर लगातार 588 दिनों तक रकम ऐंठी। मामला सामने आने के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है।


कैसे हुआ पूरा मामला

पुलिस को दी शिकायत में कपिल ने बताया कि मनोरंजन के लिए टिंडर एप का इस्तेमाल करता था। 24 जून 2023 को उसे “शुभांगी मोंटी” नामक महिला आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। कपिल ने रिक्वेस्ट स्वीकार कर बातचीत शुरू की। पहले दोनों ने प्रोफेशन, परिवार और शौक पर बातें कीं, धीरे-धीरे दोस्ती गहरी होती गई। बातचीत टिंडर से बढ़कर टेलीग्राम और वॉट्सऐप तक पहुंच गई। कुछ दिनों बाद शुभांगी ने खुद को बीमार बताया और मेडिकल सहायता के नाम पर कपिल से मदद मांगी। शुरुआत में कपिल ने हमदर्दी दिखाते हुए 500, 1000, 1500 रुपये जैसी छोटी रकम यूपीआई के जरिए भेजनी शुरू की।


धमकियों से टूटा इंजीनियर, की शिकायत

जुलाई 2023 में शुभांगी के साथी ठगों ने खुद को उसके स्वजन बताकर कपिल से संपर्क किया। उन्होंने दावा किया कि शुभांगी की बीमारी के लिए कपिल जिम्मेदार है। जब कपिल ने पैसे भेजने से मना किया तो ठगों ने पुलिस केस दर्ज कराने और जेल भेजने की धमकी दी। डर के कारण कपिल ने ठगों की मांगें माननी शुरू कर दीं। जून 2023 से फरवरी 2025 के बीच 588 दिनों में कपिल ने 294 बार में 66.42 लाख रुपये नोएडा, जयपुर और दिल्ली के बैंक खातों में ट्रांसफर किए। जनवरी 2025 तक ठग मोटी रकम मांगने लगे। एक फरवरी को 30 हजार रुपये भेजने के बाद कपिल ने लेनदेन रोक दिया। इसके बाद ठगों ने उसे जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर कपिल ने अंततः साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई।


जांच में जुटी साइबर क्राइम पुलिस

साइबर थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आया कि अधिकांश रकम नोएडा सेक्टर-18 स्थित यश बैंक शाखा के एक खाते में भेजी गई। इसके अलावा कुछ ट्रांजैक्शन दिल्ली कनॉट प्लेस के एक्सिस बैंक और जयपुर गोवर्धन कॉलोनी स्थित बैंक ऑफ इंडिया के खातों में भी किए गए। ठगी में उपयोग किए गए बैंक खातों और ट्रांजैक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ठग गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *