नोएडा जिला अस्पताल में नई सुविधा शुरू, अब मरीजों को नहीं लगाने पड़ेंगे प्राइवेट लैब के चक्कर

top-news
ईईजी मशीन (EEG machine) एक मेडिकल उपकरण है जो मस्तिष्क की विद्युतीय गतिविधि (ब्रेन वेव्स) को रिकॉर्ड करता है

Noida: सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में ईईजी जांच की सुविधा शुरू हो गई है। अब तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियों की जांच मरीजों को दूसरे अस्पतालों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। जिला संयुक्त अस्पताल में मरीजों के बेहतर उपचार के लिए EEG कक्ष का उद्घाटन विधायक पंकज सिंह ने मंगलवार को किया।


गौरतलब है कि ईईजी मशीन (EEG machine) एक मेडिकल उपकरण है जो मस्तिष्क की विद्युतीय गतिविधि (ब्रेन वेव्स) को रिकॉर्ड करता है. यह सिर की त्वचा पर लगाए गए छोटे सेंसर (इलेक्ट्रोड) का उपयोग करके मस्तिष्क की कोशिकाओं द्वारा उत्पन्न सूक्ष्म विद्युत संकेतों का पता लगाती है, उन्हें बढ़ाती है और कंप्यूटर स्क्रीन पर तरंगों के रूप में प्रदर्शित करती है। इस मशीन का उपयोग मिर्गी, नींद संबंधी विकार और अन्य तंत्रिका संबंधी स्थितियों का निदान करने के लिए किया जाता है।


दिल्ली के बड़े अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा
सीएमएस डॉ. अजय राणा ने बताया कि इस सुविधा से विशेषकर मस्तिष्क संबंधित मरीजों का बेहतर इलाज हमारे ही अस्पताल में करवाया जाना अब संभव हो पाएगा। अब तक इस जांच के लिए मरीजों को दिल्ली के बड़े अस्पतालों में भेजा जा रहा था। जिला अस्पताल में यह सुविधा बुधवार से सभी मरीजों के लिए उपलब्ध होगी।


सिर्फ 70 रुपये में होगी ईईजी जांच

सीएमएस डॉ. अजय राणा ने बताया कि अस्पताल के मानसिक स्वास्थ्य विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन 40 से 50 मरीज आ रहे हैं। जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों को ईईजी जांच की जरूरत पड़ती है। अभी तक सुविधा उपलब्ध नहीं होने की वजह से मरीजों को निजी अस्पताल का रुख करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि प्राइवेट लैब में ईईजी जांच खर्च 1400 से 2500 रुपये तक आता है। जबकि जिला अस्पताल में 70 रुपये में यह सुविधा मिलेगी। जो मरीज बहुत गरीब उन्हें निशुल्क सुविधा भी मिलेगी। अस्पताल में सिटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध है। इसका अलावा फिजियोथेरेपी विभाग का भी विस्तार हो रहा है। यहां दो अल्ट्रासाउंड मशीनें आई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *