भारत में सुपर फॉर्मूला रेसिंग की तैयारी, जापान की प्रतिष्ठित रेसिंग सीरीज के अधिकारी पहुंचे ग्रेटर नोएडा

top-news
फॉर्मूला 1 रेस,मोटोजीपी समेत कई अंतरराष्ट्रीय रेस हो चुकी है ग्रेटर नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर

Greater Noida: भारतीय मोटर स्पोर्ट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। फॉर्मूला-1 के बाद दुनिया की सबसे तेज़ और प्रतिष्ठित रेसिंग सीरीज जापान की सुपर फॉर्मूला अब भारत में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की दिशा में बढ़ा रही है। जापान रेस प्रमोशन कॉरपोरेशन (JRP) भारत में सुपर फॉर्मूला रेस के आयोजन की संभावनाओं को तलाश रही है। इसी सिलसिले में JRP का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल हाल ही में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अधिकारियों से मिला। यह प्रतिनिधिमंडल सुपर फॉर्मूला रेस को भारत लाने के संभावित मार्ग पर चर्चा करने पहुंचा।


बुद्धा इंटरनेशनल सर्किट का निरीक्षण किया

प्रतिनिधिमंडल में योशिहिसा उएनो (प्रेसिडेंट), ताकुया होरी (टेक्निकल डायरेक्टर), ताकाशी मात्सुई (जीएम–कॉरपोरेट स्ट्रैटेजी) और गेंकी मियूरा (असिस्टेंट मैनेजर–इंटरनेशनल सेल्स एंड मार्केटिंग) शामिल थे। टीम ने YEIDA के सीईओ राकेश कुमार सिंह, एसीईओ नागेंद्र प्रताप सिंह और ओएसडी शैलेंद्र भाटिया से विस्तृत चर्चा की। बैठक के बाद जापानी टीम ने सेक्टर-25 स्थित बुद्धा इंटरनेशनल सर्किट (BIC) का निरीक्षण किया। यह वही विश्वस्तरीय रेस ट्रैक है, जहां 2011 से 2013 के बीच फॉर्मूला-1 ग्रां प्री का आयोजन हुआ था। प्रतिनिधिमंडल ने ट्रैक की तकनीकी संरचना, सुरक्षा मानकों और आयोजन सुविधाओं का बारीकी से अध्ययन किया। अधिकारियों के अनुसार, यह दौरा भारत को सुपर फॉर्मूला कैलेंडर में शामिल करने की दिशा में एक “मजबूत प्रारंभिक कदम” साबित हो सकता है।


50 साल पुरानी रेसिंग परंपरा, वैश्विक पहचान

सुपर फॉर्मूला रेसिंग की शुरुआत 1973 में हुई थी और 2023 में इसने अपने 50 वर्ष पूरे किए। इस रेसिंग सीरीज को फॉर्मूला-1 के बाद सबसे तेज़ माना जाता है और यह दुनिया के कई दिग्गज ड्राइवरों का प्रशिक्षण मंच रही है। 2024-25 का सीजन विशेष है, क्योंकि इसी वर्ष 17 वर्षीय जूजू नोदा सुपर फॉर्मूला में उतरने वाली पहली जापानी महिला ड्राइवर बनीं, जो मोटर स्पोर्ट में महिला सशक्तिकरण की ऐतिहासिक मिसाल है।


तकनीक और लोकप्रियता का आधुनिक संगम

सुपर फॉर्मूला अपने अत्याधुनिक SFGO प्लेटफॉर्म के लिए जानी जाती है, जो रेस के दौरान ड्राइवरों का रीयल-टाइम डेटा दुनिया भर के प्रशंसकों तक पहुंचाता है। इसके 50,000 से अधिक ग्लोबल यूज़र्स हैं, जबकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म विशेषकर यूट्यूब और एक्स (Twitter) पर इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। यदि सुपर फॉर्मूला भारत में आयोजित होती है, तो इससे देश को कई तरह के लाभ होंगे। मोटर स्पोर्ट उद्योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान, युवा भारतीय ड्राइवरों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शन का अवसर, खेल पर्यटन के माध्यम से निवेश और रोजगार के नए रास्ते और भारत की छवि एक उभरते रेसिंग हब के रूप में मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *