नोएडा के 9 गांवों की बदलेगी किस्मत, सफाई और जलनिकासी के साथ टूटी सड़कों की होगी मरम्मत
- Shiv Kumar
- 08 Nov, 2025
Noida: बरसात और जलभराव की समस्याओं से निपटने के लिए नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम की अध्यक्षता में प्राधिकरण कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की साफ-सफाई, जलनिकासी, लाइटिंग और सड़क सुधार से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में विजय दत्त, महेंद्र प्रकाश, ए.के. अरोड़ा, एस.पी. सिंह, आर.पी. सिंह, अनुज प्रकाश, ए.एस.ओ. (जन स्वास्थ्य) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
नौ गांवों में पहले चरण में होगा सुधार कार्य
प्राधिकरण ने पहले चरण में 9 गांव चरथावल, लखीपुर, नयाबांस, घुरसाना, लखना, सलारपुर, बरोला, शाहदरा और हाजीपुर को चुना है। इन गांवों में अगले एक माह तक विशेष सफाई और रखरखाव अभियान चलाया जाएगा। बैठक में सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गांवों की लाइट लाइन और हाउस वायरिंग की सफाई की जाए। जिन स्थानों पर सीवरेज ओवरफ्लो की शिकायत है, वहां नए सैपरेटर लगाकर समस्या दूर की जाए।
गांवों में डोर टू डोर कूड़ा उठाने के निर्देश
छोटी लाइन को बड़ी लाइन में जोड़ा जाए ताकि पानी की निकासी बेहतर हो सके। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सभी मोहल्लों में जाकर फ्लाई कंट्रोल और डिसइंफेक्शन अभियान चलाएं। जहां पानी भराव की समस्या है, वहां पंप लगाकर विशेष सफाई कराई जाए। गांवों में डोर टू डोर कूड़ा संग्रहण और मलबा उठाने की कार्रवाई तेज की जाए। जिन गांवों में पशुधन अधिक है, वहां गौशालाओं या वैकल्पिक व्यवस्था के लिए योजना तैयार की जाए। गांवों के बाहर स्थित खाली भूखंडों और डंपिंग स्थलों की सफाई कराकर वहां कचरा न डाले जाने के लिए बोर्ड लगाए जाएं। टूटी नालियों और जालों की मरम्मत एक महीने में कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिन गांव में लंबे रैंप या सीढ़ी बनाकर नालों को अवरुद्ध किया गया है, उन्हें ग्रामीणों के सहयोग से तुड़वाकर सफाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सुबह और शाम सफाई अभियान चलाने को कहा।
एक माह में रिपोर्ट तलब
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी विभागों को एक माह के भीतर अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी सुविधाओं के समान स्तर पर विकास कार्य कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







