नोएडा में पूर्व मंत्री डीपी यादव, पत्नी और बेटे के खिलाफ केस दर्ज, जानिए क्यों चला पुलिस का चाबुक?
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
- Shiv Kumar
- 10 Nov, 2025
Noida: संपत्ति विवाद को लेकर पूर्व मंत्री डीपी यादव, उनकी पत्नी उमलेश यादव, बेटे कुनाल यादव समेत नौ लोगों के खिलाफ सेक्टर-126 थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह कार्रवाई अदालत के आदेश पर की गई है। आरोप है कि बीते दिनों विवादित भूमि के मामले में शिकायतकर्ता और उसके साथियों का रास्ता रोककर धमकाने और जान से मारने की धमकी देने की घटना हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संपत्ति को हड़पने की साजिश
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के शाहदरा निवासी अशोक वाडिया ने न्यायालय में एक प्रार्थना पत्र दाखिल किया था, जिसमें उन्होंने बताया कि वे नोएडा के सलारपुर खादर स्थित करीब 14 हजार वर्गगज भूमि के मालिक और काबिज हैं। यह भूमि विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। अशोक वाडिया का आरोप है कि इस संपत्ति को हड़पने के लिए विपक्षियों ने साजिश रची। शिकायत के मुताबिक, आरोपी पवन कुमार जिंदल, सुरेश कुमार गोयल उर्फ एसके गोयल, देवेश यादव, रामफल शर्मा, डीपी यादव, उमलेश यादव, कुनाल यादव, रविंद्र सिंह, अभय उपाध्याय और 10-12 अन्य अज्ञात लोगों ने 6 अगस्त 2025 को इस भूमि से संबंधित एक अनुबंध पत्र पंजीकृत करा लिया। इसके अगले दिन यानी 7 अगस्त को आरोपी कथित रूप से हथियारों के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंचे।
जमीन मालिक को दी जान से मारने की धमकी
अशोक वाडिया का कहना है कि जब उन्होंने और उनके लोगों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद 19 अगस्त को जब भूमि की देखभाल करने वाले नरेश कुमार और उनके भाई वहां जा रहे थे, तो सेक्टर-125 में विश्वविद्यालय के पास उनकी गाड़ी को कई वाहनों ने घेर लिया और रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
इस घटना के बाद अदालत के आदेश पर सेक्टर-126 थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच भूमि विवाद पुराना है। इससे पहले गोरखपुर निवासी पवन बंसल ने भी करीब दस दिन पहले सेक्टर-49 थाने में वाडिया बंधुओं समेत तीस लोगों के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज कराया था। अब यह मामला दूसरे पक्ष की ओर से दर्ज किया गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






