दिल्ली से नोएडा जाने वाले मार्ग पर एक महीने रहेगा जाम, डीएनडी पर 2 लेन रहेंगी बंद
डीएनडी फ्लाईवे से रोजाना 4 से 5 लाख वाहन गुजरते हैं
- Shiv Kumar
- 10 Nov, 2025
Noida: डीएनडी फ्लाईओवर पर आने वाले दिनों में यात्रियों को लंबा जाम और सफर में देरी झेलनी पड़ सकती है। दिल्ली से नोएडा की ओर आने वाले मार्ग पर रीसरफेसिंग (सड़क मरम्मत) का कार्य शुरू हो गया है, जो एक महीने से अधिक समय तक चलेगा। इस दौरान दो लेनें बंद रहेंगी, जिससे ट्रैफिक पर असर पड़ना तय है।
पहले चरण का काम 15 से 20 दिनों में पूरा होगा
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. प्रवीन रंजन के अनुसार, डीएनडी की मुख्य सड़क और लूप की रीसरफेसिंग का काम नोएडा टोल ब्रिज कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। काम दो चरणों में होगा, पहले चरण में दिल्ली से नोएडा की ओर का मार्ग मरम्मताधीन रहेगा, जबकि दूसरे चरण में नोएडा से दिल्ली जाने वाला मार्ग बंद किया जाएगा। मरम्मत कार्य रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक और दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान रात में दो लेन और दोपहर में एक लेन को बंद रखा जाएगा। अधिकारियों का अनुमान है कि पहले चरण का काम 15 से 20 दिनों में पूरा होगा। इसके बाद दूसरे मार्ग पर मरम्मत शुरू की जाएगी।
वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया, “रीसरफेसिंग के दौरान ट्रैफिक सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी हर समय मौजूद रहेंगे। टोल ब्रिज कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य के दौरान न्यूनतम बाधा सुनिश्चित की जाए। गौरतलब है कि डीएनडी फ्लाईवे से रोजाना 4 से 5 लाख वाहन गुजरते हैं। सुबह-शाम के पीक आवर्स में यहां पहले से ही लंबा जाम लगता है। ऐसे में मरम्मत कार्य शुरू होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है। पुलिस ने अपील की है कि लोग डीएनडी के स्थान पर वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, ताकि यहां वाहनों का दबाव कम हो और जाम की स्थिति से राहत मिल सके। उधर, यह मरम्मत कार्य ऐसे समय में हो रहा है जब नोएडा और दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रदूषण नियंत्रण उपायों के बीच कई निर्माण कार्य रोके जा चुके हैं, लेकिन सड़क की सुरक्षा और मरम्मत को ध्यान में रखते हुए डीएनडी पर यह काम जारी रखा जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






