भंगेल एलिवेटेड रोड पर जल्द वाहन भर सकेंगे उद्घाटन, सीएम योगी इस दिन कर सकते हैं उद्घाटन
एलिवेटेड रोड को बतौर ट्रायल अगले सप्ताह लोगों के लिए खोल दिया जाएगा
- Shiv Kumar
- 10 Nov, 2025
Noida: लंबे इंतजार के बाद अब भंगेल एलिवेटेड रोड के खुलने का रास्ता साफ हो गया है। करीब दो महीने पहले बनकर तैयार हुई यह सड़क इसी सप्ताह जनता को समर्पित की जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 या 13 नवंबर को लखनऊ से वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर इस परियोजना का शुभारंभ कर सकते हैं। अगर मुख्यमंत्री का कार्यक्रम व्यस्त रहा और इन तिथियों में उद्घाटन संभव नहीं हुआ, तो एलिवेटेड रोड को बतौर ट्रायल अगले सप्ताह लोगों के लिए खोल दिया जाएगा, और बाद में इसका औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।
उद्घाटन की तैयारी शुरू
भंगेल एलिवेटेड रोड के तैयार होने के बावजूद उद्घाटन न होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री कार्यालय को स्थिति से अवगत कराया, जिसके बाद अब इस महत्वपूर्ण परियोजना के उद्घाटन की तैयारी शुरू कर दी गई है।
जाम से बड़ी राहत मिलेगी
यह एलिवेटेड रोड सेक्टर-41 आगाहपुर से लेकर फेज-2 स्थित गंदे नाले के पास तक बनी है। यह मार्ग नोएडा के सबसे व्यस्त रास्तों में से एक है, जहां से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। इसके शुरू होने से बरौला, सलारपुर और भंगेल के लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इस परियोजना का कार्य जून 2020 में शुरू हुआ था। इसे यूपी सेतु निगम ने तैयार किया है। निर्धारित समय सीमा दिसंबर 2022 थी, लेकिन तकनीकी और निर्माण संबंधी कारणों से काम में देरी हुई और अब करीब सवा पांच साल बाद परियोजना पूरी हुई है। फिलहाल एलिवेटेड रोड के नीचे नाले और सड़क निर्माण का काम जारी है, जिसे पूरा होने में पांच से छह महीने का समय और लगेगा।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने कहा, 12 या 13 नवंबर में से किसी दिन भंगेल एलिवेटेड रोड के शुभारंभ की तैयारी की जा रही है। जल्द लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। विधायक पंकज सिंह ने कहा, भंगेल एलिवेटेड रोड शुरू होने से लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। इससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






