ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा टला, खुदाई के दौरान प्राइवेट अस्पताल की दीवार गिरी, 7 मजदूर मलबे में दबे

top-news
गामा-1 सेक्टर में निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा, सभी मजदूर सुरक्षित निकाले गए — किसी की मौत नहीं, पुलिस जांच में जुटी

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के गामा-1 सेक्टर स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार शाम बड़ा हादसा टल गया। अस्पताल के निर्माणाधीन हिस्से में दीवार गिरने से सात मजदूर मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद अन्य कामगारों और बचाव दल ने सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई, हालांकि सभी मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जेसीबी से खुदाई के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में वाटर टैंक के लिए खुदाई का काम जेसीबी मशीन से चल रहा था। इस दौरान अचानक अस्पताल की बाउंड्री वॉल अंदर की ओर गिर पड़ी और वहां काम कर रहे सात मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। साथी मजदूरों ने तुरंत शोर मचाकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही बीटा-2 थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। राहत-बचाव कार्य शुरू कर मलबा हटाया गया और सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्हें तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। 


जनहानि नहीं हुई 

बीटा-2 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि खुदाई के दौरान बाउंड्री वॉल गिरने से सात मजदूर दब गए थे। सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के बाद बीटा-2 कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की जांच की। पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *