नए साल से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई नामी रेस्टोरेंट पर छापेमारी- 14 नमूने जांच के लिए भेजे

top-news
नववर्ष से पहले नोएडा-ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई। मैकडॉनल्ड्स, डोमिनोज, केएफसी समेत 14 नमूने जांच के लिए भेजे गए।

नोएडा। आगामी नववर्ष को देखते हुए जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर रही हैं। इसी क्रम में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आज पूरे जनपद में एक साथ कई स्थानों पर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इस दौरान निरीक्षण के साथ-साथ खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

नोएडा के प्रमुख रेस्टोरेंट से लिए गए नमूने

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय बहादुर पटेल द्वारा सेक्टर-132 मैकडॉनल्ड्स, नोएडा से रियूज्ड कुकिंग रिफाइंड पाम ऑयल का नमूना लिया गया, जबकि सेक्टर-135 स्थित सबवे से चिकन क्यूब का नमूना संग्रहित किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह ने सेक्टर-74 नोएडा स्थित केएफसी से कुकिंग राइस ब्रान ऑयल और पिज्जा हट से सॉस का नमूना लिया।

ग्रेटर नोएडा और जेवर में भी छापेमारी

गौर सिटी मॉल ग्रेटर नोएडा स्थित डोमिनोज से पिज्जा और इमली रेस्टोरेंट से डोसा का नमूना खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैय्यद इबादुल्लाह द्वारा लिया गया। सेक्टर-62 नोएडा स्थित मैकडॉनल्ड्स से रियूज्ड कुकिंग पाम ऑयल तथा सेक्टर-63 स्थित डोमिनोज से चीज़ और डो का नमूना खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज ने लिया।
नॉलेज पार्क-2 स्थित केएफसी से नॉनवेज पॉपकॉर्न राइस बॉल का नमूना खाद्य सुरक्षा अधिकारी मालती द्वारा लिया गया। वहीं, जेवर क्षेत्र में टप्पल रोड स्थित डोमिनोज से पिज्जा और बुंदेला चौक से दूध का नमूना खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा ने संग्रहित किया।

एक्सपायरी डेट न होने पर खाद्य सामग्री सीज

सेक्टर-18 स्थित डीएलएफ मॉल में डोमिनोज से पैपी पनीर पिज्जा का नमूना खाद्य सुरक्षा अधिकारी रितु सक्सेना द्वारा लिया गया। बीटा-2 ग्रेटर नोएडा स्थित बर्गर किंग से पनीर पैटी का नमूना खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता ने लिया। सेक्टर-121 नोएडा स्थित क्लियो स्ट्रीट, क्लियो काउंटी के सबवे रेस्टोरेंट पर Use By / Expiry Date अंकित न होने के कारण 42.84 किलोग्राम इटेलियन व्हाइट डफ ब्रेड स्टिक को सीज कर दिया गया। इस मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस. के. पांडेय द्वारा नमूना लेकर विनिर्माण इकाई को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

कुल 14 नमूने जांच के लिए भेजे गए

सहायक आयुक्त खाद्य सर्वेश मिश्रा ने बताया कि इस अभियान में कुल 14 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां पाई जा रही हैं, वहां सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यह अभियान देर रात तक जारी रहेगा।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आगे भी इसी प्रकार जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि जनपदवासियों को मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *