नए साल पर करोड़ों की शराब गटक गए नोएडा वाले, कीमत जान दंग रह जाएंगे आप!

top-news
नए साल की रात नोएडा में शराब की रिकॉर्डतोड़ बिक्री हुई। एक ही रात में करीब 23 करोड़ रुपये की 4 लाख लीटर शराब खपी, जिससे आबकारी विभाग को 17 करोड़ का राजस्व मिला। देसी शराब ने इस बार विदेशी ब्रांड्स को भी पीछे छोड़ दिया।

नोएडा। नए साल का जश्न नोएडा वासियों के सिर ऐसा चढ़कर बोला कि पिछले तीन साल के सारे रिकॉर्ड टूट गए। महज एक रात में शहर में करीब 4 लाख लीटर शराब की खपत दर्ज की गई, जिसकी कीमत लगभग 23 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस जबरदस्त बिक्री से आबकारी विभाग को करीब 17 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। शराब की इस रिकॉर्डतोड़ बिक्री में देसी शराब से लेकर विदेशी स्कॉच, व्हिस्की और बीयर तक शामिल रही। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 में जहां नए साल पर करीब 21 करोड़ रुपये की शराब बिकी थी, वहीं इस बार नोएडा ने उस आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया।


144 बार-रेस्टोरेंट और सैकड़ों दुकानों से हुई बिक्री
आबकारी विभाग के अनुसार, नोएडा में कुल 144 बार और रेस्टोरेंट ऐसे हैं, जिन्हें शराब परोसने का लाइसेंस मिला हुआ है। इसके अलावा नए साल के जश्न को देखते हुए 120 से अधिक अस्थाई लाइसेंस भी जारी किए गए थे। शहर में 140 फॉरेन लिकर शॉप, 138 बीयर शॉप, 25 मॉडल शॉप, 231 देसी शराब की दुकानें और 15 प्रीमियम रिटेल वेंडर सक्रिय रहे। इन सभी प्रतिष्ठानों से प्राप्त बिक्री के आंकड़ों को एकत्र कर कुल खपत का आकलन किया गया। आबकारी अधिकारियों का कहना है कि नए साल की रात दुकानों और बार-रेस्टोरेंट में देर रात तक भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे बिक्री में जबरदस्त उछाल आया।


देसी शराब ने विदेशी ब्रांड्स को दी कड़ी टक्कर
इस बार नए साल के जश्न में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि देसी शराब ने विदेशी स्कॉच और व्हिस्की को भी पीछे छोड़ दिया। आंकड़ों के मुताबिक, एक ही दिन में करीब 1.50 लाख लीटर देसी शराब की खपत हुई। वहीं, अंग्रेजी शराब यानी स्कॉच और व्हिस्की की खपत लगभग 1.17 लाख लीटर दर्ज की गई। ठंड के मौसम के बावजूद लोगों ने बीयर पीने में भी कोई कमी नहीं छोड़ी और करीब 1 लाख लीटर बीयर की बिक्री हुई। आबकारी विभाग के अधिकारियों का मानना है कि देसी शराब की बढ़ती लोकप्रियता और किफायती दाम इसकी बड़ी वजह हैं। कुल मिलाकर यह साफ हो गया कि जश्न और शराब के मामले में इस बार नोएडा ने सभी को पीछे छोड़ दिया।


हर साल बढ़ रहा शराब की खपत का आंकड़ा
नोएडा में शराब की खपत का ग्राफ साल दर साल तेजी से ऊपर जा रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो 2023-24 में नए साल के आसपास करीब 9 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई थी। इसके बाद 2024-25 में यह आंकड़ा सीधे 21 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं, 2025-26 में यह बढ़कर करीब 22 से 23 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा। आबकारी विभाग का कहना है कि शहरीकरण, नाइट लाइफ का विस्तार और नए बार-रेस्टोरेंट खुलने से शराब की खपत लगातार बढ़ रही है। हालांकि, विभाग का यह भी कहना है कि नियमों के पालन और अवैध बिक्री पर सख्ती जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *