गैस लीकेज से घर में लगी भयानक आग, पूरा परिवार तबाह, अब जिंदगी और मौत से जूझ रहे पीड़ित
- Shiv Kumar
- 02 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा। दादरी थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर से हो रही लीकेज एक परिवार के लिए बड़ा हादसा बन गई। एक्सकोर्ट कॉलोनी में देर शाम अचानक आग भड़क उठी, जिसमें एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में एक व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
लीकेज ठीक कराने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर के अनूपशहर निवासी गंगाशरण अपने परिवार के साथ दादरी क्षेत्र की एक्सकोर्ट कॉलोनी में किराए पर रहते हैं। घर में रखे गैस सिलेंडर से लीकेज की शिकायत थी, जिसे ठीक कराने के लिए उन्होंने स्थानीय गैस मैकेनिक सोनू को बुलाया था। शाम के समय मैकेनिक गैस चूल्हे और सिलेंडर की जांच कर रहा था। उसी दौरान पास के एक घर में खाना बनाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि पड़ोस के घर से निकली आग की चिंगारी हवा के जरिए लीकेज हो रही गैस तक पहुंच गई, जिससे पलभर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
एक ही परिवार के चार लोग झुलसे, एक की हालत गंभीर
इस हादसे में गंगाशरण (42), उनकी पत्नी मुनेश (40), बेटा वरुण (12) और गैस मैकेनिक सोनू आग की चपेट में आ गए। चारों गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें मैकेनिक सोनू की हालत सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, एक घायल को ज्यादा जलने के कारण हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य तीन का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल रहा।
पुलिस ने की पुष्टि, जांच में जुटी
दादरी थाना पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण घर में आग लगी थी। पुलिस के अनुसार, आग की चपेट में चार लोग झुलसे हैं और सभी का इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में गैस लीकेज को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर या चूल्हे में किसी भी तरह की खराबी होने पर सावधानी बरतें और मरम्मत के दौरान आसपास आग या चिंगारी से बचाव रखें। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






