नोएडा पुलिस ने ढूंढ निकाले चोरी के 70 से ज्यादा फोन, पीड़ितों कौ लौटाए तो खिल उठे चेहरे

top-news
नोएडा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर गुम और चोरी हुए 77 स्मार्ट मोबाइल फोन सर्विलांस की मदद से बरामद किए। 50 मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे गए। इस पहल से पीड़ितों को बड़ी राहत मिली।

नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय पहल करते हुए नोएडा के अलग-अलग इलाकों से गुम और चोरी हुए 77 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी जांच की मदद से चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को विधिवत पहचान के बाद 50 मोबाइल फोन उनके स्वामियों को लौटाए गए, जबकि शेष मोबाइल फोन के मालिकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अपने मोबाइल वापस पाकर पीड़ितों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ नजर आई और उन्होंने पुलिस की खुले दिल से सराहना की।


पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चला विशेष अभियान
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में और डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद व एडीसीपी शैव्या गोयल के पर्यवेक्षण में नोएडा जोन पुलिस द्वारा यह विशेष अभियान चलाया गया था। अभियान का उद्देश्य नागरिकों के गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को तलाश कर उन्हें वापस दिलाना था। इसके तहत नोएडा के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी और चोरी की शिकायतों का डाटा एकत्र किया गया। इसके बाद संबंधित मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर उनकी लोकेशन और गतिविधियों की तकनीकी जांच की गई। लगातार मॉनिटरिंग और इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने इन मोबाइल फोनों को ढूंढ निकाला।


भीड़भाड़ में गिरने या छूटने से हुए थे ज्यादातर मोबाइल गुम
एडीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि अधिकतर मोबाइल फोन भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, ऑटो, बसों या सुबह-शाम टहलते समय गिर जाने या कहीं छूट जाने के कारण गुम हुए थे। इन मामलों में पीड़ितों द्वारा संबंधित थानों में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एक-एक मोबाइल की तकनीकी जांच की। सर्विलांस के अलावा अन्य आधुनिक तकनीकों की भी मदद ली गई, जिससे मोबाइल की वर्तमान स्थिति का पता लगाया जा सका। इससे पहले भी नोएडा पुलिस इस तरह के अभियानों में कई मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है।


अभियान आगे भी रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को राहत मिल सके। मोबाइल फोन लौटाए जाने के दौरान पीड़ितों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ फोन वापस मिल पाएगा। पुलिस की इस पहल से न सिर्फ आम जनता का भरोसा बढ़ा है, बल्कि तकनीक के बेहतर इस्तेमाल का उदाहरण भी सामने आया है। नोएडा पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए ऐसे अभियानों को और प्रभावी बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *