अपार्टमेंट की 13वीं मंजिल में चढ़ गया युवक, फिर खौफनाक घटना, जानकर हिल जाएंगे आप
- Shiv Kumar
- 03 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम्स किंग्सवुड सोसाइटी में नए साल का जश्न एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया। बुधवार रात न्यू ईयर पार्टी के दौरान 31 वर्षीय विनीत की 15वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची बिसरख कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि यह हादसा था, आत्महत्या या फिर किसी साजिश का नतीजा।
दोस्तों के साथ चल रही थी पार्टी, देर रात हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, विनीत आम्रपाली गोल्फ होम्स किंग्सवुड सोसाइटी की 15वीं मंजिल पर एक फ्लैट में किराए पर रहता था। वह नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और नए साल के मौके पर अपने दोस्तों को फ्लैट पर पार्टी के लिए बुलाया था। देर रात तक फ्लैट में जश्न का माहौल था। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में विनीत 15वीं मंजिल से नीचे गिर गया। घटना के तुरंत बाद उसके साथ मौजूद दोस्त मौके से फरार हो गए। सोसाइटी के अन्य लोगों ने घायल अवस्था में विनीत को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, धक्का या हादसा?
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट के साथ-साथ सोसाइटी परिसर की जांच शुरू की। पुलिस ने सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि यह पता चल सके कि पार्टी में कौन-कौन लोग शामिल थे और हादसे से पहले क्या हुआ था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विनीत खुद संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरा या फिर किसी ने उसे धक्का दिया। विनीत के दोस्तों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि पार्टी के दौरान हुए घटनाक्रम की सही जानकारी मिल सके।
बिहार का रहने वाला था विनीत, परिजनों को दी गई सूचना
मृतक विनीत मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के तरवारा गांव का निवासी था। वह नौकरी के सिलसिले में लंबे समय से नोएडा में रह रहा था। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है और उनके ग्रेटर नोएडा पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






