न्यूईयर की पार्टी, आधी रात को कार में चढ़ गए युवक, कपड़े उतार कर किया डांस, पुलिस ने किया 67 हजार का चालान
- Shiv Kumar
- 03 Jan, 2026
नोएडा के सेक्टर-38ए स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक एक कार की छत पर चढ़कर तेज म्यूजिक पर डांस कर रहे हैं। इस दौरान कार कुछ दूरी तक रेंगती हुई आगे बढ़ती है, जबकि युवक बेपरवाह अंदाज में नाचते रहते हैं। हैरानी की बात यह है कि डांस करते-करते युवक अपने कपड़े भी उतारने लगते हैं, जिससे मॉल में मौजूद अन्य लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि यह 56 सेकेंड का वीडियो मॉल में घूमने आई एक युवती ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कार से तेज आवाज में बजता म्यूजिक भी साफ सुना जा सकता है। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकतों को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने नाराजगी जताई और ट्रैफिक पुलिस से कार्रवाई की मांग की। वीडियो सामने आने के बाद नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के बाद ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर संबंधित कार का 67 हजार रुपये का चालान काटा गया। ट्रैफिक पुलिस ने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आई कई पोस्ट के जवाब में दी और चालान की प्रति भी साझा की। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






