17 वीं मंजिल से गिरकर इंडियन ऑयल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की मौत, जानें क्या है पूरा मामला?

top-news
नोएडा की एटीएस वन हमलेट सोसाइटी में IOC के कार्यकारी निदेशक अजय गर्ग की 17वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। वह बालकनी की ओर गए थे और कुछ ही मिनटों बाद नीचे गिर पड़े। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नोएडा: इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) के कार्यकारी निदेशक अजय गर्ग की शनिवार सुबह नोएडा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हमलेट सोसाइटी के अपने फ्लैट की 17वीं मंजिल से नीचे गिर गए। घटना से सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अजय गर्ग मूल रूप से कानपुर के इंदिरानगर, मुखर्जी विहार के रहने वाले थे और दिल्ली में IOC में कार्यकारी निदेशक के पद पर तैनात थे।


बालकनी की ओर जाने के बाद हुआ हादसा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अजय गर्ग (55) शनिवार सुबह करीब सवा दस बजे अपने फ्लैट की बालकनी की ओर गए थे। बताया जा रहा है कि इसके करीब पांच मिनट बाद ही वह संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गए। गिरने की तेज आवाज सुनकर सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। अजय गर्ग खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े मिले। तत्काल उनकी पत्नी मयूरी गर्ग को सूचना दी गई और डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी मयूरी गर्ग बदहवास हो गईं। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। अजय गर्ग का बेटा, जो मुंबई में नौकरी करता है, सूचना मिलते ही शनिवार शाम नोएडा पहुंच गया। परिवार की ओर से बताया गया है कि रविवार को अजय गर्ग का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना से पूरे परिवार में शोक का माहौल है और परिजन सदमे में हैं।


ऑफिस के लोग भी पहुंचे, जांच में जुटी पुलिस
अजय गर्ग की मौत की सूचना मिलते ही उनके दफ्तर के कई अधिकारी और कर्मचारी भी सोसाइटी पहुंचे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई और उन्हें ढांढस बंधाया। उधर, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सोसाइटी के लोगों से पूछताछ की है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *