गौतमबुद्धनगर में प्री-बोर्ड परीक्षाओं में जबरदस्त सख्ती, सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी
- Shiv Kumar
- 06 Jan, 2026
जनपद में यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से विधिवत शुरू हो गईं। पहले दिन हाईस्कूल में हिंदी विषय, जबकि इंटरमीडिएट में नागरिक शास्त्र, सामान्य आधारित विषय और कंप्यूटर की परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से 3:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर कॉलेजों में सख्त व्यवस्था देखने को मिली। परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की गहन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया। इस बार पिछले सत्र के रिजर्व में रखे गए अप्रयुक्त प्रश्नपत्रों से परीक्षा आयोजित की जा रही है, ताकि छात्रों को वास्तविक बोर्ड परीक्षा जैसा माहौल मिल सके।
बोर्ड पैटर्न पर हुई परीक्षा, CCTV से निगरानी
राजकीय हाई स्कूल सलेमपुर गुर्जर की प्रधानाचार्य रजनी पिलानी ने बताया कि परीक्षा ठीक 12 बजे शुरू कराई गई। छात्रों को बोर्ड परीक्षा की तरह निर्धारित दूरी और अनुशासन के साथ बैठाया गया है। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि 90 प्रतिशत से अधिक छात्र प्री-बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए हैं, जो छात्रों की गंभीरता को दर्शाता है। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज होशियारपुर की प्रधानाचार्य दीपा भाटी ने कहा कि प्री-बोर्ड परीक्षा में छात्रों की उपस्थिति काफी बेहतर रही है। छात्राओं को पहले से ही बोर्ड पैटर्न के अनुसार तैयारी कराई गई थी, जिससे अब वे अपनी कमजोरियों का आकलन कर सकेंगी।
समय प्रबंधन और तैयारी में मिलेगी मदद
प्रधानाचार्य दीपा भाटी ने बताया कि सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज से प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि प्री-बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र प्रारूप, अंक विभाजन और समय-सीमा यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षा के समान रखी गई है। इसका उद्देश्य छात्रों को वास्तविक बोर्ड परीक्षा के लिए मानसिक रूप से तैयार करना है। इससे उन्हें समय प्रबंधन, उत्तर लेखन शैली और प्रश्नों की समझ विकसित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा पूरी तरह सीसीटीवी निगरानी में कराई जा रही है और परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। छात्रों को परीक्षा के लिए तीन घंटे का समय दिया जा रहा है, साथ ही 15 मिनट अतिरिक्त प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए मिल रहे हैं। वर्ष 2025 के अप्रयुक्त प्रश्नपत्रों का उपयोग किया जा रहा है, जो परिषद द्वारा विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए हैं। शिक्षा विभाग का मानना है कि प्री-बोर्ड परीक्षा छात्रों के आत्ममूल्यांकन और बेहतर तैयारी में अहम भूमिका निभाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






