राज की बात छिपाकर की शादी, सुहागरात में चल गया पता, फिर हुआ जमकर हंगामा, पूरा मामला जान हैरत में पड़ जाएंगे आप!

top-news
नोएडा में महिला ने पति पर शादी से पहले गंजापन और नौकरी की सच्चाई छिपाने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है। महिला ने मारपीट, ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और 15 लाख के गहने छीनने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

नोएडा: नोएडा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर शादी से पहले धोखाधड़ी करने, मारपीट, ब्लैकमेलिंग और वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि उसके पति ने शादी के समय अपने गंजेपन की सच्चाई छिपाई थी और झूठी जानकारी देकर उससे विवाह कराया गया। सच्चाई सामने आने के बाद उसे प्रताड़ित किया गया और आखिरकार घर से निकाल दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र का है।


घरवालों की मर्जी से हुई थी शादी, बाद में खुला राज
गौर सिटी सोसाइटी में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से फार्मासिस्ट है। उसकी शादी 16 जनवरी 2024 को दिल्ली के राणा प्रताप बाग निवासी संयम जैन से परिवार की सहमति से हुई थी। शादी से पहले बातचीत और मुलाकात के दौरान पति आत्मविश्वासी और सामान्य व्यवहार वाला लगा। पूरे रीति-रिवाजों के साथ शादी संपन्न हुई और विदाई के बाद वह ससुराल पहुंची। महिला का कहना है कि शादी के दौरान भी पति ने विग पहनी हुई थी, लेकिन इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। सुहागरात के दौरान जब उसे पति के गंजेपन की सच्चाई पता चली और उसने सवाल किया, तो पति ने झगड़ा शुरू कर दिया और उसका व्यवहार पूरी तरह बदल गया।


झूठी जानकारी देकर शादी कराने का आरोप
महिला का आरोप है कि ससुराल वालों ने शादी से पहले बेटे की पढ़ाई और नौकरी को लेकर भी गलत जानकारी दी थी। बताया गया था कि पति बीकॉम पास है और सालाना 18 लाख रुपये कमाता है, जबकि हकीकत में वह केवल 12वीं पास है और कोई नौकरी नहीं करता। जब महिला ने इस बारे में ससुराल वालों से बात की तो उन्होंने बेटे का पक्ष लेते हुए कहा कि बाल झड़ने की वजह से विग पहनना कोई अपराध नहीं है और अब शादी हो चुकी है, इसलिए उसे यह रिश्ता निभाना ही होगा। विरोध करने पर उसे लगातार ताने, अपमान और धमकियां मिलने लगीं।


ब्लैकमेलिंग, मारपीट और 15 लाख के गहने छीनने का आरोप
पीड़िता के अनुसार जनवरी 2025 में वह पति के साथ थाईलैंड घूमने गई थी। वहां पति ने उस पर अवैध गतिविधियों में शामिल होने का दबाव बनाया। मना करने पर उसने महिला के मोबाइल से निजी तस्वीरें निकाल लीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर हर महीने पैसे मांगने लगा। भारत लौटने के बाद हालात और बिगड़ गए। ससुराल वालों ने उसे अलग-थलग कर दिया और कुछ दिन पहले करीब 15 लाख रुपये के गहने छीन लिए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। इसके बाद महिला ने बिसरख कोतवाली पहुंचकर पति, सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *