अब नोएडा में कार के शीशों पर ब्लैक फिल्म का शौक पड़ेगा भारी, पुलिस ने शुरू किया अभियान, 39 हजार से ज्यादा काटा चालान

top-news
नोएडा में ब्लैक फिल्म चढ़वाने पर यातायात पुलिस की सख्ती जारी है। बीते दो साल में 39,114 वाहनों का चालान किया गया। नियमों के मुताबिक कंपनी फिटेड टिंटेड ग्लास को छोड़कर किसी भी तरह की ब्लैक फिल्म पूरी तरह प्रतिबंधित है।

गाड़ी को आकर्षक और स्टाइलिश बनाने के चक्कर में शीशों पर लगवाई गई ब्लैक फिल्म अब वाहन चालकों के लिए भारी पड़ रही है। नोएडा में बीते दो साल के भीतर ब्लैक फिल्म चढ़वाने के मामले में 39,114 वाहनों का चालान किया जा चुका है। इसके बावजूद शहर की सड़कों पर आज भी बड़ी संख्या में काले शीशों वाली गाड़ियां फर्राटा भरती नजर आ रही हैं। यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और चालान के साथ-साथ मौके पर ही ब्लैक फिल्म भी उतरवाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि कंपनी से फिट होकर आने वाले टिंटेड ग्लास को छोड़कर हर तरह की ब्लैक फिल्म पूरी तरह प्रतिबंधित है।


आकर्षण के चक्कर में नियमों की अनदेखी

आजकल गाड़ियों में मिलने वाले फीचर्स की तरह लोगों ने ब्लैक फिल्म को भी जरूरी मान लिया है। कार खरीदने के बाद सबसे पहले कई लोग कार डेकोर की दुकानों पर जाकर शीशों पर काली फिल्म चढ़वा लेते हैं। अधिकांश वाहन चालक इसके दुष्प्रभाव और कानूनी नियमों की जानकारी होने के बावजूद ऐसा कर रहे हैं। शहर की सड़कों पर हर नौवीं गाड़ी पर ब्लैक फिल्म लगी देखी जा सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ब्लैक फिल्म से न सिर्फ विजिबिलिटी कम होती है, बल्कि अपराध और सुरक्षा से जुड़ी कई समस्याएं भी सामने आती हैं। इसी वजह से सुप्रीम कोर्ट और परिवहन विभाग के निर्देशों के तहत शीशों पर किसी भी तरह की ब्लैक फिल्म पूरी तरह प्रतिबंधित है।


दो साल में 39,114 चालान, हजारों को लगा आर्थिक झटका

यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में ब्लैक फिल्म चढ़वाने के मामले में 20,825 वाहनों का चालान किया गया था। वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या 18,289 तक पहुंच गई। कुल मिलाकर दो वर्षों में 39,114 वाहन स्वामियों को जुर्माना भरना पड़ा है। यह जुर्माना कई मामलों में हजारों रुपये तक पहुंच गया। पुलिस का कहना है कि लगातार अभियान चलाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन थम नहीं रहा है, जिस कारण कार्रवाई और सख्त की जा रही है।


पांच से दस हजार रुपये तक का जुर्माना, नियम पूरी तरह सख्त

गाड़ियों पर ब्लैक फिल्म चढ़वाने पर पांच हजार से लेकर दस हजार रुपये तक का चालान किया जा सकता है। पहले नियमों में 30 प्रतिशत तक दृश्यता की अनुमति थी, लेकिन संशोधन के बाद अब 100 प्रतिशत दृश्यता अनिवार्य कर दी गई है। इसका मतलब साफ है कि कार डेकोर की दुकानों से लगवाई गई किसी भी तरह की ब्लैक फिल्म पूरी तरह अवैध है। हालांकि कुछ वाहनों में कंपनी की ओर से ही हल्के टिंटेड ग्लास दिए जाते हैं, जिनसे दृश्यता प्रभावित नहीं होती, उन्हें नियमों के दायरे में माना गया है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ब्लैक फिल्म लगवाने से बचें, अन्यथा लगातार कार्रवाई और भारी जुर्माने के लिए तैयार रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *