जुड़वां भाइयों का खेल, हमशक्ल बनकर करते थे कांड, अब पुलिस ने सिखाया सबक

top-news
नोएडा में थाना फेज-1 पुलिस ने जुड़वां भाइयों समेत चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। गैंग हमशक्ल भाइयों की चालाकी से बाइक चोरी करता था। पुलिस ने 30 बाइक बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है।

नोएडा की थाना फेज-1 पुलिस ने वाहन चोरी के एक शातिर गैंग का खुलासा करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो हमशक्ल जुड़वां भाई भी शामिल हैं, जो अपनी एक जैसी शक्ल-सूरत का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 30 बाइक बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।


जुड़वां भाइयों की चालाकी से पुलिस भी खा चुकी थी चकमा
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के नाम शादाब उर्फ रुतबा, अरमान उर्फ सुट्टा, उलमान और विजय हैं। इनमें अरमान और उलमान सगे जुड़वां भाई हैं, जिनकी कद-काठी और चेहरा बिल्कुल एक जैसा है। इसी समानता का फायदा उठाकर दोनों चोरी करते थे। वारदात के समय एक भाई कबाड़ की दुकान पर हूबहू एक जैसे कपड़े पहनकर बैठ जाता था, जबकि दूसरा भाई बाइक चोरी करता था। जब कभी पुलिस या स्थानीय लोग शक करते, तो पूछताछ में कबाड़ की दुकान पर बैठा भाई सामने आ जाता और चोरी करने वाला बच निकलता। इस तरीके से ये कई बार पुलिस की पकड़ से बाहर रहे।


दिल्ली-NCR से चोरी कर हरियाणा में होती थी सप्लाई
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि इस गैंग का मास्टरमाइंड शादाब उर्फ रुतबा है। ये लोग कॉलोनियों, सोसाइटियों और कंपनियों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों की पहले रेकी करते थे। इसके बाद मास्टर चाबी या लॉक तोड़कर बाइक और स्कूटी चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहन कच्चे रास्तों से हरियाणा के बल्लभगढ़ पहुंचाए जाते, जहां पवन और विजय नाम के लोगों को ऑन डिमांड सप्लाई की जाती थी। पकड़ी गई 30 बाइकों में 15 पूरी बाइक और बाकी के पार्ट्स शामिल हैं। इन वाहनों को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मथुरा और फरीदाबाद से चोरी किया गया था।


50 से ज्यादा मुकदमे, अन्य राज्यों से भी जुड़ सकते हैं तार
पुलिस जांच में सामने आया है कि इन चारों आरोपियों पर अलग-अलग थानों में 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अन्य राज्यों को भी इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भेज दी है, जिससे और चोरी के मामलों का खुलासा होने की संभावना है। वहीं, नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने भी अलग कार्रवाई में दीपक और सतेंद्र नाम के दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से 11 बाइक बरामद की हैं। ये आरोपी रेकी कर बाइक चोरी करते और सेक्टर-54 के जंगल में छिपाकर रखते थे, बाद में सस्ते दामों पर बेच देते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *