ग्रेनो में पुलिस ने दो बदमाशों को कर दिया लंगड़ा, मंदिर और घरों को बनाते थे निशाना, अब पुलिस के सामने हाथ जोड़े आए नजर

top-news
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में दो शातिर बदमाश घायल होकर गिरफ्तार हुए। उनके पास से नकदी, हथियार और चोरी का सामान बरामद हुआ।

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली मारकर घायल कर दिया। दोनों बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, ये बदमाश मंदिरों और रिहायशी इलाकों में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं और लंबे समय से पुलिस की रडार पर थे। मुठभेड़ के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया।


वाहन चेकिंग के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग
सूरजपुर थाना पुलिस बुधवार सुबह मोजर वियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग करते हुए बदमाश जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने तुरंत उनका पीछा किया। भागते समय बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी और वे घायल होकर मौके पर गिर पड़े।


घायल बदमाशों की पहचान और बरामदगी
पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को मौके पर ही काबू में लेकर अस्पताल भिजवाया। उनकी पहचान सिराजुद्दीन उर्फ गुड्डू निवासी ग्राम आचरू कलां, थाना शिकारपुर, जिला बुलंदशहर और मयंक शर्मा निवासी ग्राम खेड़ा, थाना पिलखुआ, जिला हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, नवादा मंदिर से चोरी किए गए 20,700 रुपये, तिलपता गांव से चोरी किया गया मोबाइल फोन, 2,165 रुपये नकद, एक काला बैग, दो आधार कार्ड, ताला तोड़ने के औजार और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


कई जिलों में दर्ज हैं दर्जनों मुकदमे
डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि दोनों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं। ये पहले इलाके की रेकी करते थे और फिर मंदिरों व रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इनके खिलाफ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद समेत अन्य जिलों में दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनके साथ और कौन-कौन लोग वारदातों में शामिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *