नोएडा में लॉन्च होने वाला है वन ऐप, होगा ये बड़ा फायदा, जानकर आप भी कहेंगे- ये तो बढ़िया है!
- Shiv Kumar
- 08 Jan, 2026
नोएडा में बढ़ते प्रदूषण और उससे जुड़ी शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए नोएडा प्राधिकरण जल्द ही एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च करने जा रहा है। ‘नोएडा वन’ नाम से आने वाले इस ऐप के जरिए अब शहरवासी वायु प्रदूषण से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत सीधे फोटो के साथ दर्ज कर सकेंगे। शिकायतकर्ता को केवल समस्या की फोटो अपलोड करनी होगी और स्थान की जानकारी देनी होगी। इसके बाद संबंधित विभाग ऐप के माध्यम से ही शिकायत का निस्तारण करेगा और कार्रवाई की जानकारी भी वहीं साझा की जाएगी। इस ऐप की सबसे अहम खासियत यह है कि इसकी सीधी निगरानी वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) करेगा। अगर किसी शिकायत के निपटारे में देरी होती है तो आयोग सीधे प्राधिकरण के जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब करेगा।
यूपीडेस्को के साथ मिलकर होगा ऐप का विकास
‘नोएडा वन’ ऐप के विकास को लेकर बुधवार को प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने जन स्वास्थ्य विभाग, कंप्यूटर सेल और यूपीडेस्को के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में सीईओ ने CAQM की गाइडलाइंस की जानकारी ली और निर्देश दिए कि ऐप को अधिकतम जन-उपयोगी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐप पर आने वाली हर शिकायत का निस्तारण पारदर्शी तरीके से हो और शिकायतकर्ता को ऐप पर ही कार्रवाई की पूरी जानकारी मिले। इसके लिए जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि हर साल अक्टूबर से प्रदूषण बढ़ने लगता है और इसी दौरान शिकायतों की संख्या भी तेजी से बढ़ जाती है, ऐसे में यह ऐप बेहद उपयोगी साबित होगा।
हर महीने 60 हजार तक पहुंच रही प्रदूषण शिकायतें
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक इस बार केवल एक महीने में ही नोएडा से वायु प्रदूषण से जुड़ी 60 हजार से अधिक शिकायतें विभिन्न विभागों और प्लेटफॉर्म पर दर्ज हुई हैं। इनमें सबसे ज्यादा शिकायतें धूल उड़ने, सड़क टूटने, सफाई की कमी और निर्माण कार्यों से संबंधित रहती हैं। इन शिकायतों के निस्तारण के लिए प्राधिकरण पहले से ही पर्यावरण सेल और 14 विशेष टीमें गठित कर चुका है। अब तक इन शिकायतों और उनके निपटारे का डेटा फोटो के साथ CAQM को भेजा जाता था, लेकिन ‘नोएडा वन’ ऐप के शुरू होने के बाद यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल और सीधे आयोग की निगरानी में होगी।
किन-किन समस्याओं की कर सकेंगे शिकायत
CAQM की ओर से तय मानकों के अनुसार इस ऐप पर वायु प्रदूषण से जुड़ी कई तरह की शिकायतें दर्ज की जा सकेंगी। इनमें सड़क के गड्ढे, कच्ची सड़कें, टूटे फुटपाथ और डिवाइडर, कच्ची पार्किंग स्थल, मलबा और कूड़ा, मिट्टी व सिल्ट के ढेर, बिना सावधानी के निर्माण या ध्वस्तीकरण कार्य, अतिक्रमण, निर्माण सामग्री खुले में रखना, कूड़ा या प्लास्टिक जलाना और खाली पड़ी जगहों पर हरियाली न होने जैसी शिकायतें शामिल हैं। प्राधिकरण का दावा है कि ऐप से न सिर्फ शिकायतों का निस्तारण तेज होगा, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण में भी बड़ी मदद मिलेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






