ठग ने कहा- आओ तुम्हारे पैसे डबल करता हूं, कैश से भरा बैग लेकर आया शख्स, हो गया खेल, मामला जान दंग रह जाएंगे आप!
- Shiv Kumar
- 09 Jan, 2026
नोएडा में फॉरेक्स क्वाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर एक युवक से 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी पीड़ित की कार से नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। हालांकि मामले की शिकायत पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 4.60 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जबकि उसके बैंक खाते में जमा करीब 2 लाख रुपये को फ्रीज करा दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने इससे पहले कितने लोगों को इस तरह ठगा है।
10 लाख रुपये कैश लेकर मिलने पहुंचा था पीड़ित
पुलिस के अनुसार, पीड़ित सचिन रागी मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले का रहने वाला है। 5 जनवरी को उसकी बातचीत शिखर खुराना नाम के युवक से फॉरेक्स क्वाइन खरीदने को लेकर हुई थी। आरोपी ने खुद को ट्रेडिंग से जुड़ा बताते हुए सेक्टर-18 स्थित डीएलएफ मॉल के पास मिलने के लिए बुलाया। तय समय पर सचिन करीब 10 लाख रुपये नकद लेकर शाम करीब साढ़े सात बजे डीएलएफ मॉल पहुंचा। वहां पहले से मौजूद शिखर खुराना से उसकी मुलाकात हुई और दोनों कार में बैठकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान उसने खेल कर दिया।
स्क्रीन शॉट दिखाकर रची ठगी की साजिश
पीड़ित के मुताबिक, बातचीत के दौरान आरोपी ने मोबाइल पर फॉरेक्स क्वाइन से जुड़ा एक स्क्रीन शॉट दिखाया, जिससे वह ट्रेडिंग असली लग रही थी। सचिन जब स्क्रीन शॉट को ध्यान से देख रहा था, उसी दौरान शिखर खुराना कार से बाहर उतरा और 10 लाख रुपये से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब सचिन को शक हुआ तो उसने स्क्रीन शॉट की जांच की, जिसमें वह पूरी तरह फर्जी निकला। पीड़ित ने आरोपी को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और पैसे वापस करने का झूठा आश्वासन देता रहा।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा, जांच जारी
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने थाना सेक्टर-20 पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और सर्विलांस व लोकल इनपुट के आधार पर आरोपी शिखर खुराना को मल्टीलेवल कार पार्किंग के फुटपाथ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 4.60 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि उसके बैंक खाते में जमा करीब 2 लाख रुपये को फ्रीज कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि उसने इससे पहले कितने लोगों को फॉरेक्स क्वाइन या अन्य निवेश योजनाओं के नाम पर ठगा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की ऑनलाइन या क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें और नकद लेनदेन से बचें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






