गाड़ी हटाने के विवाद में बवाल! स्कॉर्पियो सवार युवकों ने मुंशी के साथ की जमकर मारपीट, अब पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
- Shiv Kumar
- 10 Jan, 2026
नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र के सेक्टर-69 में दबंगई का मामला सामने आया है। ओम शंकर ट्रांसपोर्ट में काम करने वाले मुंशी के साथ स्कॉर्पियो सवार युवकों ने सरेआम मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़ित के सिर से खून बहता दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने मामले की शिकायत फेज-3 थाने की पुलिस से की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गाड़ी साइड करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
सेक्टर-55 निवासी पिंटू कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ओम शंकर ट्रांसपोर्ट में मुंशी का काम करते हैं। बीते बुधवार को वह ट्रांसपोर्ट दफ्तर के बाहर खड़े होकर गाड़ी साइड कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से काले रंग की स्कॉर्पियो आई, जिसमें एक युवक सवार था। आरोपी ने गाड़ी हटाने को लेकर पहले गाली-गलौज शुरू कर दी। पिंटू ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी और ज्यादा उग्र हो गया। कुछ ही देर में उसने अपने तीन से चार साथियों को मौके पर बुला लिया। विवाद बढ़ता देख पिंटू जान बचाने के लिए ट्रांसपोर्ट दफ्तर के नीचे बने एक होटल में घुस गया, लेकिन आरोपियों ने उसे वहां भी नहीं छोड़ा।
होटल से खींचकर लात-घूंसे बरसाए
पीड़ित के अनुसार आरोपी युवक होटल में घुस आए और उसे जबरन बाहर खींच लाए। इसके बाद लात-घूंसे और हाथों से जमकर पिटाई की गई। आसपास खड़े लोग तमाशबीन बने रहे और कोई भी बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया। इसी दौरान पिंटू के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे खून बहने लगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट साफ दिखाई दे रही है। वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
बचाव में आए दूसरे मुंशी पर भी हमला
मारपीट होता देख ट्रांसपोर्ट में काम करने वाला दूसरा मुंशी ब्रह्मपाल अपने साथी को बचाने के लिए मौके पर पहुंचा। आरोपियों ने उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। शिकायत में बताया गया कि ब्रह्मपाल की आंख पर नुकीले हथियार से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग जमा हुए तब जाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






