ग्रेटर नोएडा में इंदौर वाला हाल, दूषित पानी पीने से 50 से अधिक बीमार, अथॉरिटी ने बनाई हाईपावर समिति

top-news
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-2 में दूषित पानी पीने से 50 से ज्यादा लोग बीमार हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने सप्लाई में सीवर का पानी मिलने का आरोप लगाया है। स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लोगों को दवाएं दी हैं। प्राधिकरण ने समस्या जल्द दूर करने का आश्वासन दिया है।

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-2 के आई ब्लॉक में दूषित पानी पीने से 50 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पीने के पानी की सप्लाई में सीवर का गंदा पानी मिल रहा है, जिससे इलाके में उल्टी, दस्त और टाइफाइड जैसी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। बीते कुछ दिनों से लोग लगातार स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शिकायत कर रहे थे, लेकिन प्राधिकरण की ओर से समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हालात बिगड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इलाके में स्वास्थ्य शिविर लगाया और प्रभावित लोगों को प्राथमिक उपचार के साथ ओआरएस के पैकेट वितरित किए गए। अब प्राधिकरण ने भी पानी की निगरानी के लिए हाईपावर समिति गठित की है।


सीवर मिला पानी पीने से बिगड़ी लोगों की सेहत
आई ब्लॉक के निवासियों का कहना है कि सुबह के समय सप्लाई किए जाने वाले पानी में बदबू और गंदगी साफ दिखाई देती है। इसके बावजूद मजबूरी में लोगों को वही पानी इस्तेमाल करना पड़ रहा है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुभाष भाटी ने बताया कि सीवर लाइनें लंबे समय से चोक हैं और पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जगह-जगह गंदगी फैली रहती है, जिसका असर सीधे पीने के पानी पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन अस्थायी मरम्मत कर मामला टाल दिया गया। नतीजतन, अब बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए हैं।


पुरानी पाइपलाइन बदलने की मांग
सेक्टर के लोगों का आरोप है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं करना चाहता। निवासियों ने मांग की है कि दूषित पानी की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए पूरे सेक्टर की पुरानी और टूटी हुई पाइपलाइनों को बदला जाए। उनका कहना है कि कई जगहों पर सीवर की लाइनें क्षतिग्रस्त हैं, जो पीने के पानी की पाइपलाइनों से मिल रही हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग की सफाई
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि डेल्टा वन सेक्टर में पहले सामने आई दूषित पानी की समस्या को ठीक कर दिया गया है। अल्फा-2 में भी सीवर लाइनों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का दावा है कि स्वास्थ्य विभाग को पूरे मामले की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जहां भी पाइपलाइन में लीकेज या जंग की समस्या मिलेगी, उसे तुरंत दुरुस्त किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी है, ताकि संक्रमण से बचा जा सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *