ग्रेटर नोएडा से आया अजीबो-गरीब मामला, थार के पहिए किए चोरी, ईंटों के सहारे खड़ी कर गए कार

top-news
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमिक्रोन-2 में चोरों ने थार गाड़ी का पहिया चोरी कर गाड़ी को ईंटों पर खड़ा छोड़ दिया। देर रात हुई इस घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।

ग्रेटर नोएडा से चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां बेखौफ चोर कार से आए और एक थार गाड़ी का पहिया चोरी कर मौके से फरार हो गए। मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमिक्रोन-2 का है। घटना देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। चोरों ने सुनसान का फायदा उठाते हुए सेक्टर की बाउंड्री वॉल कूदकर अंदर प्रवेश किया और सी-199 मकान के सामने खड़ी थार गाड़ी को निशाना बनाया। चोरों ने बड़ी आसानी से गाड़ी के पहिए खोल लिए और चोरी के बाद गाड़ी को ईंटों पर खड़ा कर फरार हो गए। चोरी के दौरान शीशा टूटने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग जागे, लेकिन तब तक चोर मौके से निकल चुके थे।


ईंटों पर खड़ी छोड़ दी थार, लोगों में दहशत
स्थानीय लोगों के अनुसार, चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। वे एक कार में सवार होकर सेक्टर के बाहर सड़क पर रुके और फिर बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने थार के दोनों पहिए खोल लिए। टायर निकालने के बाद गाड़ी को ईंटों के सहारे खड़ा कर दिया गया, ताकि चोरी तुरंत पकड़ में न आए। जब टायर निकालते समय गाड़ी के शीशे के टूटने की आवाज आई, तो आसपास के लोग बाहर निकले। लोगों को आता देख चोर तेजी से वापस अपनी कार में बैठे और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सेक्टरवासियों में नाराजगी और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी हैं।


पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 के जरिए पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सेक्टरवासियों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद सेक्टर ओमिक्रोन-2 के निवासियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि सेक्टर की बाउंड्री वॉल पर फेंसिंग नहीं होने की वजह से असामाजिक तत्व आसानी से अंदर घुस जाते हैं। पहले भी चोरी और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सेक्टरवासियों ने प्राधिकरण से मांग की है कि जल्द से जल्द बाउंड्री वॉल पर फेंसिंग लगाई जाए और रात में सुरक्षा गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *