दिल्ली और नोएडा-एनसीआर के लिए अगले अगले 48 घंटे होंगे भारी, मौसम विभाग ने जारी की ये चेतावनी
- Shiv Kumar
- 10 Jan, 2026
दिल्ली-एनसीआर में हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को प्रदूषण से बड़ी राहत दी है। राजधानी दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में सुबह से हुई बारिश के बाद स्मॉग काफी हद तक छंट गया है। हवा में जमे धूल और प्रदूषक कण नीचे बैठने से एयर क्वालिटी में सुधार दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स पहले की तुलना में बेहतर श्रेणी में पहुंच गया है। लंबे समय से खराब हवा से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, बारिश के साथ ही ठंड का असर बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ेगी।
बारिश के बाद साफ हुई हवा, AQI में सुधार
बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर में स्मॉग की चादर काफी हद तक हट गई है। कई इलाकों में दृश्यता बेहतर हुई है और सांस लेने में हो रही दिक्कत से लोगों को राहत मिली है। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश ने हवा में मौजूद PM 2.5 और PM 10 जैसे खतरनाक कणों को जमीन पर बैठा दिया, जिससे प्रदूषण स्तर में गिरावट आई है। हालांकि बारिश की मात्रा ज्यादा नहीं रही, लेकिन इससे अस्थायी तौर पर हालात बेहतर हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगर तेज हवाएं नहीं चलीं तो प्रदूषण के कण दोबारा हवा में जमा हो सकते हैं। ऐसे में प्रदूषण से पूरी तरह राहत अभी स्थायी नहीं मानी जा सकती।
12 जनवरी तक सताएगी कड़ाके की सर्दी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में 10 जनवरी को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। 11 जनवरी को न्यूनतम तापमान के 5 डिग्री तक गिरने का अनुमान है, जबकि 12 जनवरी को भी ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है। शनिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। IMD के मुताबिक यह मौजूदा शीतकालीन सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबहों में से एक रही।
ठंड और कोहरे से बढ़ेगी परेशानी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के बाद नमी बढ़ने से सुबह और रात के समय कोहरा ज्यादा घना हो सकता है। ठंडी हवाओं के चलते सर्दी का अहसास और तेज होगा। हालांकि दिन में आसमान साफ रहने से हल्की धूप निकलने की संभावना है। डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। फिलहाल एनसीआर में प्रदूषण से मिली राहत के साथ ठंड और कोहरे की दोहरी चुनौती लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करती रहेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






