मेडिकल डिवाइस पार्क में अगर लेना है प्लॉट तो 11 फरवरी तक करें आवेदन, अभी जान लें पूरी प्रक्रिया
- Shiv Kumar
- 11 Jan, 2026
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में विकसित किए जा रहे मेडिकल डिवाइस पार्क में निवेश करने की इच्छुक कंपनियों के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। प्राधिकरण ने पार्क में 22 नए भूखंडों की योजना शुरू की है, जिनके लिए 12 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 11 फरवरी तय की गई है। यीडा सिटी के सेक्टर-28 में 350 एकड़ में विकसित हो रहा यह मेडिकल डिवाइस पार्क देश में मेडिकल उपकरण निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम परियोजना माना जा रहा है। यहां स्थापित होने वाली कंपनियों को बेहतर कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स और आधुनिक औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उत्पादन के साथ-साथ निर्यात को भी गति मिल सके।
अब तक 101 भूखंड हो चुके हैं आवंटित
मेडिकल डिवाइस पार्क में मेडिकल उपकरणों से जुड़ी कंपनियों को प्राथमिकता के आधार पर भूखंड आवंटित किए जा रहे हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, अब तक कुल 101 भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है। इनमें से एक कंपनी ने उत्पादन शुरू भी कर दिया है, जबकि शेष कंपनियों को मौके पर कब्जा सौंपा जा चुका है। इससे साफ है कि यह परियोजना अब कागजों तक सीमित नहीं रही, बल्कि धरातल पर तेजी से आकार ले रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले महीनों में यहां कई और यूनिट्स के शुरू होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
तीन साइज में उपलब्ध होंगे 22 भूखंड
नई योजना के तहत प्राधिकरण ने कुल 22 भूखंडों को निवेश के लिए पेश किया है। इनमें 1000, 2100 और 5940 वर्गमीटर के प्लॉट शामिल हैं। सबसे अधिक 11 भूखंड 1000 वर्गमीटर के हैं, जबकि 2100 वर्गमीटर के नौ और 5940 वर्गमीटर के दो भूखंड शामिल किए गए हैं। यह विविधता इसलिए रखी गई है ताकि छोटे, मध्यम और बड़े स्तर की कंपनियां अपनी जरूरत और निवेश क्षमता के अनुसार आवेदन कर सकें। प्राधिकरण का मानना है कि इससे मेडिकल डिवाइस सेक्टर में नए निवेशक आकर्षित होंगे और पार्क में गतिविधियां और तेज होंगी।
निर्यात बढ़ाने पर सरकार का विशेष फोकस
सरकार मेडिकल डिवाइस पार्क में बनने वाले उत्पादों के निर्यात को बढ़ाने के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना पर काम कर रही है। बेहतर लॉजिस्टिक्स, सड़क और एयर कनेक्टिविटी के साथ-साथ डिजिटल सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल–मेडिकल डिवाइस (EPC-MD) के लिए मोबाइल ऐप आधारित डिजिटल आईटी सेटअप तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कंपनियों को निर्यात से जुड़ी प्रक्रियाओं में आसानी देना और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक उनकी पहुंच को सरल बनाना है। प्राधिकरण को उम्मीद है कि आने वाले समय में यह मेडिकल डिवाइस पार्क देश का प्रमुख हब बनकर उभरेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






