नोएडा में बंद कमरे में फंदे से लटका मिला आईटी इंजीनियर, सुसाइड की वजह तलाश रही पुलिस
- Shiv Kumar
- 11 Jan, 2026
नोएडा में शुक्रवार देर रात एक निजी कंपनी में काम करने वाले 26 वर्षीय आईटी इंजीनियर ने आत्महत्या कर ली। दोस्तों ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा तो तुरंत नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
दोस्तों के बाहर जाते ही उठाया खौफनाक कदम
मृतक की पहचान प्रियदर्शी रंजन के रूप में हुई है, जो बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला था। वह नोएडा की एक निजी आईटी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था और सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर गांव में किराए के कमरे में रहता था। शुक्रवार को वह अपने दोस्तों के साथ ऑफिस गया था। शाम को सभी लोग साथ में कमरे पर लौटे, लेकिन कुछ देर बाद दोस्त किसी काम से बाहर चले गए। इसी दौरान प्रियदर्शी ने कमरे के अंदर फांसी लगा ली। जब दोस्त वापस लौटे तो उन्होंने उसे फंदे से लटका देखा, जिसके बाद तुरंत उसे नीचे उतारा गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
दोस्तों के मुताबिक, फंदे से उतारते समय प्रियदर्शी की सांसें चल रही थीं। उसे तुरंत सेक्टर-71 स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई और इलाज शुरू किया। हालांकि, कुछ देर बाद ही इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने युवक की मौत की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सेक्टर-49 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस कर रही आत्महत्या के कारणों की जांच
थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक के कमरे की तलाशी ली गई, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस युवक के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य निजी सामानों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी मानसिक तनाव, पारिवारिक परेशानी या नौकरी से जुड़े दबाव में तो नहीं था। साथ ही उसके दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






