नोएडा के लोगों के लिए फायदे का सौदा, एक्सप्रेस-वे के नीचे बनने जा रहे दो अंडरपास, अब सफर और होगा आसान

top-news
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर झट्टा और सुल्तानपुर गांव के सामने दो नए अंडरपास का निर्माण 10 दिन में शुरू होगा। करीब 181 करोड़ की लागत से बनने वाले इन अंडरपास से 30 सेक्टर और 20 गांवों को राहत मिलेगी।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक की बड़ी समस्या से राहत दिलाने के लिए दो अहम अंडरपास का निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है। झट्टा गांव और सुल्तानपुर गांव के सामने बनने वाले इन अंडरपास का काम अगले दस दिनों में शुरू हो जाएगा। दोनों परियोजनाओं पर कुल मिलाकर करीब 181 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत आएगी। अधिकारियों के मुताबिक इन अंडरपास के बन जाने से करीब 30 सेक्टर और 20 गांवों के हजारों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा और रोजाना लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिलेगी। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसके तहत एक्सप्रेसवे के किनारे मौजूद पेड़ों को हटाने और अन्य बाधाओं को दूर करने का काम शुरू कर दिया गया है। लंबे समय से इन अंडरपास की मांग की जा रही थी, क्योंकि एक्सप्रेसवे पार करने में स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होती थी।


पेड़ शिफ्टिंग के बाद शुरू होगा निर्माण कार्य
अंडरपास निर्माण से पहले करीब 330 पेड़ों को स्थानांतरित करने और कुछ को काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही यहां से गुजरने वाले बिजली के केबल और अन्य यूटिलिटी लाइनों को भी शिफ्ट किया जाएगा। इन कामों को पूरा करने के बाद ही अंडरपास की खुदाई का कार्य शुरू होगा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर एक अंडरपास सेक्टर-128 सुल्तानपुर गांव के सामने बनेगा, जबकि दूसरा अंडरपास सेक्टर-168 झट्टा गांव के सामने प्रस्तावित है। इन दोनों अंडरपास के निर्माण की जिम्मेदारी जुलाई 2025 में सीएस इंफ्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी को दी जा चुकी है। हालांकि एजेंसी के चयन के करीब छह महीने बाद अब जाकर जमीन पर काम शुरू होने की स्थिति बनी है।


18 महीने में पूरा करने की शर्त, लागत भी तय
दोनों अंडरपास खुदाई के जरिए बनाए जाएंगे। शर्तों के मुताबिक काम शुरू होने के बाद 18 महीने के भीतर निर्माण पूरा करना अनिवार्य होगा। झट्टा अंडरपास के निर्माण पर करीब 99 करोड़ 74 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है, जबकि सुल्तानपुर अंडरपास पर लगभग 81 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत आएगी। अधिकारियों का कहना है कि तय समयसीमा में काम पूरा कराने के लिए निर्माण एजेंसी पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। इन अंडरपास के शुरू होने से एक्सप्रेसवे के दोनों ओर बसे सेक्टरों और गांवों के लोगों को घूमकर लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा।


किन सेक्टरों को मिलेगा सीधा लाभ
सुल्तानपुर गांव के सामने बनने वाला अंडरपास सेक्टर-128, 129, 132 और 108 को जोड़ेगा। इसकी कुल लंबाई करीब 731 मीटर होगी। वहीं झट्टा गांव के सामने बनने वाला अंडरपास सेक्टर-145, 146, 155 और 159 को कनेक्ट करेगा, जिसकी लंबाई करीब 800 मीटर होगी। इन दोनों अंडरपास के बन जाने से स्थानीय निवासियों, कर्मचारियों और किसानों को रोजाना की आवाजाही में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *