नोएडा वाले बना लें घूमने का प्लान, बढ़ गईं छुट्टियां, अब इस तारीख तक बंद रहेंगे स्कूल
- Shiv Kumar
- 11 Jan, 2026
नोएडा और आसपास के इलाकों में लगातार पड़ रही ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बार फिर स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी हैं। गौतमबुद्ध नगर जिले में नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल अब 15 जनवरी तक बंद रहेंगे। नए साल की शुरुआत के बाद से ही जिले में स्कूल ठंड की वजह से नियमित रूप से नहीं खुल पाए हैं। बच्चों की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
यह आदेश गौतमबुद्ध नगर के बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने जारी किया है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे पहले स्कूलों की छुट्टियां 10 जनवरी तक बढ़ाई गई थीं, लेकिन ठंड और कोहरे में कमी न आने के कारण अब इन्हें 15 जनवरी तक आगे बढ़ा दिया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर बढ़ी छुट्टियां
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने स्पष्ट किया कि जिले में लगातार शीतलहर और कोहरे के चलते बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि आदेशों का सख्ती से पालन किया जाए। अगर कोई स्कूल इन आदेशों का उल्लंघन करता पाया गया और छुट्टियों के दौरान स्कूल खोला गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शीतलहर और तेज हवाओं से बढ़ी गलन
मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, इन दिनों उत्तर-पश्चिमी हवाएं 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है। हवाओं की वजह से गलन बनी हुई है और लोगों को सुबह व शाम के समय ज्यादा ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों तक इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है। फिलहाल इस सप्ताह बारिश की कोई संभावना नहीं है, हालांकि दोपहर में धूप खिलने से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।
दोपहर में राहत, सुबह-शाम सर्दी का प्रकोप
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार को तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। धूप निकलने से दिन में ठंड से कुछ राहत मिली और कोहरे का असर भी कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन सोमवार से एक बार फिर तापमान में गिरावट आ सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की दिशा और गति में बदलाव हुआ है, जिससे फिलहाल मौसम साफ रहेगा, लेकिन सर्दी का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






