ग्रेटर नोएडा में पानी को लेकर प्राधिकरण सीरियस, तीसरे दिन भी 80 से अधिक घरों में की रैंडम जांच
- Shiv Kumar
- 12 Jan, 2026
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से एहतियात के तौर पर शहर में पानी की गुणवत्ता परखने का अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को प्राधिकरण की टीमों ने 18 से अधिक सेक्टरों, गांवों और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आवासीय सोसायटियों में 80 से ज्यादा स्थानों से पानी की रैंडम जांच की। इस दौरान डेल्टा-1, डेल्टा-2, डेल्टा-3, ईटा-1, ईटा-2, पाई-1, सेक्टर-33, स्वर्णनगरी, थीटा-1, म्यू-1, म्यू-2, म्यू-3, सिग्मा सेक्टर, जैतपुर, साकीपुर के 6 प्रतिशत प्लॉट क्षेत्र समेत कई इलाकों में पानी की गुणवत्ता की जांच की गई। जांच टीमों ने मौके पर जाकर टीडीएस, पीएच और क्लोरीन जैसे अहम मानकों को परखा। अधिकारियों के मुताबिक अब तक की जांच में सप्लाई किया जा रहा पानी मानकों के अनुरूप पाया गया है। इस दौरान टीमों ने स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद कर फीडबैक भी लिया, जिसमें अधिकतर लोगों ने प्राधिकरण के इस कदम की सराहना की है।
आठ टीमों ने वर्क सर्किल वाइज संभाली जिम्मेदारी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर शहर में चार दिवसीय रैंडम जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत महाप्रबंधक एके सिंह के नेतृत्व में वर्क सर्किल वाइज कुल आठ टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें सिर्फ पानी की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि जलापूर्ति लाइनों में किसी भी तरह के लीकेज, सीवर चोकिंग या ओवरफ्लो और ड्रेन-सीवर-पानी के कनेक्शन प्वाइंट्स की भी गहन जांच कर रही हैं। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि समय-समय पर इस तरह की रैंडम जांच से संभावित समस्याओं को पहले ही चिन्हित कर लिया जाता है, जिससे दूषित पानी की आपूर्ति की आशंका को रोका जा सके।
एसीईओ खुद कर रहे निगरानी, सोमवार को आखिरी दिन
इस अभियान की निगरानी प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह और एसीईओ सुमित यादव स्वयं कर रहे हैं। एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण स्वच्छ और सुरक्षित जलापूर्ति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चार दिवसीय अभियान समाप्त होने के बाद भी पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित तौर पर निगरानी और जरूरी कार्य किए जाते रहेंगे।
प्राधिकरण ने अतिरिक्त सतर्कता के तहत श्रीराम इंस्टीट्यूट फॉर इंडस्ट्रियल रिसर्च लैब की दो टीमों को भी रैंडम जांच में लगाया है। यह चार दिवसीय अभियान सोमवार, 12 जनवरी को अपने अंतिम दिन में प्रवेश करेगा।
दूषित पानी की सूचना यहां दें
यदि किसी भी क्षेत्र में दूषित पानी की सप्लाई की शिकायत मिलती है तो नागरिक तुरंत प्राधिकरण के जल विभाग को इसकी जानकारी दे सकते हैं। इसके लिए वरिष्ठ प्रबंधक जल के मोबाइल नंबर 9205691408 और प्रबंधक जल के नंबर 8937024017 जारी किए गए हैं। सूचना मिलते ही प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






